कोलकाता के माझेरहाट हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख
कोलकाता। कोलकाता के माझेरहाट में पुल गिरने से हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कोलकाता में हुआ पुल हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ितों के परिवारवालों के प्रति मेरी संवेदना है। जो लोग इस हादसे में घायल हुए हैं, मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मंगलवार शाम दक्षिणी कोलकाता के माझेरहाट पुल एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इससे कई लोग इसके नीचे दब गए। हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव का काम जारी है।

कैलाश विजयवर्गीय ने किया ट्वीट
हादसे को लेकर भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार और सीएम ममता बनर्जी को निशाने पर लिया है। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रभारी ने कहा है 'पुल गिरने की घटना भयावह और दुःख़द है। ईश्वर से घायल लोगों के लिए शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ. साथ ही उम्मीद करता हूँ कि जल्द से जल्द तेज गति से राहत कार्य किया जाए जिससे जनहानि न हो पाए...'

मुकुल का ममता पर निशाना
भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा है कि ममता बनर्जी की सरकार इस दुर्घटना से हुए नुकसान को कम करके बताएगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को केवल सीएम की कुर्सी से मतलब है। केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने ट्वीट कर कहा, 'कोलकाता में माजेरहाट ब्रिज गिरने की खबर से बेहद परेशान हूं। हादसे के पीड़ितों और घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
भाजपा नेता मुकुल रॉय ने पुल हादसे पर कहा है कि इस पुल के गिरने के लिए राज्य सरकार और मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। वे कह रही हैं कि शहर का सौंदर्यीकरण चल रहा है, लेकिन पुराने निर्माण की मरम्मत उनके दिमाग में नहीं है। राज्य सरकार को पुल गिरने की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

ममता बनर्जी ने दुख जताया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की बैठक हुई है और वो खुद राहत के काम पर नजर बनाए हुए हैं। बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने पुलिस से हादसे की रिपोर्ट मांगी है।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री फरहाद हाकिम मौके पर पहुंचे हैं। फरहाद ने कहा है कि जो लोग पुल के नीचे दबे थे उन सभी को निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications