बीटिंग रिट्रीट में इस बार नहीं बजेगी महात्मा गांधी की पसंदीदा धुन 'एबाइड विद मी', मोदी सरकार का फैसला
बीटिंग द रिट्रीट समारोह में सुनाई देने वाली महात्मा गांधी की प्रिय 'धुन एबाइड विद मी' इस बार इस समारोह में सुनाई नहीं देगी।
नई दिल्ली, 22 जनववरी। बीटिंग द रिट्रीट समारोह में सुनाई देने वाली महात्मा गांधी की प्रिय 'धुन एबाइड विद मी' इस बार इस समारोह में सुनाई नहीं देगी। इस बार इसकी जगह 'ऐ मेरे वतन के लोगों' गाने की धुन बजाने का फैसला लिया गया है। बता दें कि 26 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के समापन पर इस धुन को बजाया जाता है।

आपको बता दें कि इस प्रतिष्ठित भजन को 1861 में हेनरी फ्रांसिस लिटे ने लिखा था और इस भजन को महात्मा गांधी के प्रिय भजनों में से एक माना जाता है। बीटिंग रिट्रीट समारोह में इस भजन का इस्तेमाल साल 1950 से ही होता रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2020 में भी इस धुन को बीटिंग रिट्रीट समारोह में नहीं बजाने पर काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद साल 2021 में इसे फिर से शामिल कर लिया गया था।
यह भी पढ़ें: नौकरी के लिए 60 कंपनियों में आवेदन करने वाली महिला को कहीं से नहीं आई कॉल, कारण जानकर शर्म से हो गई पानी-पानी
इस बार बजेगा ऐ मेरे वतन के लोगों
वहीं, ऐ मेरे वतन के लोगों गाने को कवि प्रदीप ने लिखा और सी रामचंद्र द्वारा संगीतबद्ध किया गया। वहीं साल 1963 में गणतंत्र दिवस के मौके पर लता मंगेशकर ने इसे पहली बार गाया था। एबाइड विद मी धुन को समारोह से हटाने पर रक्षा प्रतिष्ठान के एक स्रोत ने बताया कि चूंकि इस बार भारत आजादी का अमृत महोत्सव समारोह मना रहा है इसलिए इस बार बीटिंग द रिट्रीट में केवल भारतीय गानों को शामिल करने का फैसला लिया गया है। इसलिए इस बार बैंड पर केवल भारतीय धुनों को बजाया जाएगा।
मोदी सरकार ने क्यों लिया यह फैसला
दरअसल नरेंद्र मोदी सरकार ऐसे अवसरों पर ज्यादा से ज्यादा भारतीय धुनों और वाद्ययंत्रों को इस्तेमाल करने की योजना बना रही है और इसलिए इस तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। साल 2015 से बीटिंग रिट्रीट समारोह में भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों जैसे सितार, तबला और संतूर को इस्तेमाल करने की शुरुआत हुई थी। वहीं, साल 2018 में इस समारोह में बजाई गई 26 में से 25 धुनें भारतीयों द्वारा रचित की गई थीं। समारोह में इस्तेमाल की गई एकमात्र अंग्रेजी धुन एबाइड विद मी थी।












Click it and Unblock the Notifications