शरद पवार को बड़ा झटका, पार्टी के दो विधायकों ने दिया इस्तीफा
मुंबई। महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो विधायकों ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। नवी मुंबई से एनसीपी विधायक संदीप नायक ने विधानसभा स्पीकर हरिभाऊ बागडे को अपना इस्तीफा सौंपा, जबकि अकोले से एनसीपी विधायक वैभव पिचड़ ने भी इस्तीफा दे दिया।

राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी उठापटक का दौर शुरू होता दिखा दिखाई दे रहा है। वहीं, लोकसभा चुनाव के वक्त से एनसीपी के बड़े नेताओं का पार्टी छोड़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके पहले, कांग्रेस विधायक कालिदास कोलंबकर ने भी विधानसभा स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। कांग्रेस विधायक के इस्तीफे को पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
एनसीपी के दो और कांग्रेस के एक विधायक ने दिया इस्तीफा
कुछ दिनों पहले ही भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने बड़ा दावा किया था। गिरीश महाजन ने दावा किया था कि कांग्रेस और एनसीपी के कम से कम 50 विधायक भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं। महाराष्ट्र में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, इसी के चलते यहां भी सियासी उठापटक का दौर शुरू हो गया है। भाजपा नेता के दावे से तकरीबन एक महीने पहले एनसीपी की वरिष्ठ नेता चित्रा वाघ ने कहा था कि वह भाजपा में शामिल होना चाहती हैं क्योंकि एनसीपी में उनका कोई भविष्य नहीं है।
हालांकि, बीजेपी नेता के दावों के बीच शरद पवार ने हाल ही में कहा था कि भाजपा एनसीपी-कांग्रेस को हराने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। शरद पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से 240 सीटों पर हमारे बीच आम सहमति बन गई है। वहीं, बीजेपी नेता ने पवार के इन आरोपों को खारिज कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications