महाराष्ट्र: शरद पवार ने शिवसेना को दिया झटका, बोले- हम विपक्ष में बैठेंगे
मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच खींचतान जारी है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अभी तक सरकार बनाने को लेकर दोनों दलों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका है। शिवसेना 50-50 के फार्मूले पर अड़ी है जबकि बीजेपी सहयोगी दल की इस शर्त को मानने को तैयार नहीं है। वहीं, बीजेपी-शिवसेना की खींचतान के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार का बड़ा बयान सामने आया है।

जनता ने उनकी पार्टी से विपक्ष में बैठने के लिए कहा है-शरद पवार
शरद पवार ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने उनकी पार्टी से विपक्ष में बैठने के लिए कहा है और पार्टी ऐसा ही करेगी। शरद पवार का ये बयान तब आया है जब राज्य में शिवसेना की एनसीपी-कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने की अटकलें तेज होने लगी थीं। दरअसल, दो दिनों पहले ही शिवसेना नेता संजय राउत ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही ऐसी अटकलें तेज हो गई हैं।
Recommended Video

बीजेपी और शिवसेना के बीच जारी गतिरोध को 'बचकाना' बताया
शरद पवार ने सीएम पद को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच जारी गतिरोध को 'बचकाना' बताया। एनसीपी और कांग्रेस के शिवसेना को समर्थन देने की संभावना पर शरद पवार ने कहा कि इस संबंध में पार्टी में कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास बहुमत नहीं है, जनता ने हमें विपक्ष में बैठने को कहा है। हम इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और ध्यान रखेंगे कि हम इस भूमिका को सही ढंग से निभाएं।' इसके पहले, बीजेपी के साथ जारी गतिरोध के बीच संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र में सीएम शिवसेना का ही बनेगा।

शिवसेना 50-50 के फॉर्मूले पर अड़ी
शिवसेना राज्य में 2.5-2.5 साल तक दोनों दल के सीएम के फॉर्मूले पर अड़ी है जबकि बीजेपी इसपर तैयार नहीं है। दोनों दलों के बीच इसी को लेकर बयानबाजी हो रही है। देवेंद्र फडणवीस सहित तमाम बीजेपी नेताओं का कहना है कि उनकी पार्टी सीएम पद को लेकर कोई समझौता नहीं करेगी। जबकि इस जवाब पर शिवसेना ने बीजेपी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि शिवसेना ने 56 सीटें जीती थीं।












Click it and Unblock the Notifications