एकनाथ शिंदे की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल, डिप्टी स्पीकर के नोटिस को दी गई चुनौती
नई दिल्ली, जून 26। महाराष्ट्र में शिवसेना के दो गुटों के बीच चल रही सत्ता की लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है। दरअसल, एकनाथ शिंदे के पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है, जिसमें डिप्टी स्पीकर की ओर से 16 बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने के नोटिस को चुनौती दी गई है। शिंदे गुट की इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी।

याचिका में हुई यह मांग
एकनाथ शिंदे गुट की ओर से अजय चौधरी को विधायक दल का नेता बनाए जाने को भी चुनौती दी गई है। साथ ही सुनील प्रभु को चीफ व्हिप के रूप में नियुक्त करने को भी चुनौती दी गई है। बागी विधायकों की ओर से दाखिल याचिका में मांग की गई है कि सर्वोच्च न्यायालय डिप्टी स्पीकर को यह आदेश दे कि वो 16 विधायकों को अयोग्य ठहराने वाली शिवसेना की याचिका पर कोई फैसला नहीं ले सकते, क्योंकि उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्वात लाया गया है।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में अब शिवसेना के दो गुटों के बीच सत्ता का संघर्ष दिलचस्प होता जा रहा है। एक तरफ उद्धव ठाकरे का गुट है तो वहीं दूसरी तरफ बागी विधायक एकनाथ शिंदे का गुट है। उद्धव ठाकरे के गुट की ओर से डिप्टी स्पीकर के पास यह अर्जी लगाई गई थी कि बागी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अयोग्य ठहराया जाए। शिंदे गुट की ओर यह दावा किया जा रहा है कि डिप्टी स्पीकर का यह कदम अवैध है क्योंकि अयोग्यता केवल विधानसभा के मामलों के लिए हो सकती है न कि पार्टी की बैठक के लिए।












Click it and Unblock the Notifications