फेसबुक पोस्ट के बाद अब पंकजा मुंडे ने Twitter से हटाया BJP, क्या 12 दिसंबर को पार्टी छोड़ने का ऐलान करेंगीं
मुंबई। एक फेसबुक पोस्ट से महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मचा देने वाली बीजेपी नेता और सूबे की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने अब ट्विटर पर हंगामा मचा दिया है। पंकजा मुंडे के फेसबुक पोस्ट के बाद से ऐसी अटकलें लग रही थीं कि वो बीजेपी छोड़ सकती हैं लेकिन उनके ट्विटर प्रोफाइल पर किए गए नए अपडेट ने इन अटकलों को हवा दे दी है। पंकजा मुंडे ने अपने ट्विटर बायो से 'बीजेपी' हटा दिया है। पहले उनकी प्रोफाइल का यूजरनेम पंकजा मुंडे बीजेपी था, लेकिन अब उनके ट्विटर पेज पर सिर्फ @Pankajamunde ही लिखा है।
Recommended Video

पंकजा के इस कदम से ऐसा लग रहा है कि वह अपने राजनितिक भविष्य को लेकर कोई बड़ा कदम उठा सकती हैं और अटकलें इस बात की भी लगाई जा रही हैं कि वह भाजपा को छोड़ शिवसेना में शामिल हो सकती हैं। उल्लेखनीय है कि बीते 30 नवंबर को पंकजा ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा था, जो मराठी भाषा में थी। इस पोस्ट में उन्होंने 12 दिसंबर को बीड जिले में स्थित गोपीनाथ गढ़ में समर्थकों की अहम बैठक बुलाई थी। साथ ही, राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में आए बदलाव को देखते हुए अपने भविष्य का जिक्र किया था। बता दें कि 12 दिसंबर को गोपीनाथ मुंडे की जयंती है।
पंकजा ने फेसबुक पोस्ट में कहा था, ' राज्य में बदले राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए यह सोचने और निर्णय लेने की आवश्यकता है कि आगे क्या किया जाए। मुझे स्वयं से बात करने के लिए आठ से 10 दिन की आवश्यकता है। मौजूदा राजनीतिक बदलावों की पृष्ठभूमि में भावी यात्रा पर फैसला किए जाने की आवश्यकता है। ' उन्होंने कहा, ' अब क्या करना है? कौन सा मार्ग चुनना है? हम लोगों को क्या दे सकते हैं? हमारी ताकत क्या है? लोगों की अपेक्षाएं क्या हैं? मैं इन सभी पहलुओं पर विचार करूंगी और आपके सामने 12 दिसंबर को आऊंगी।'












Click it and Unblock the Notifications