महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल का दावा, भाजपा के 14-15 विधायक हमारे संपर्क में
नई दिल्ली। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने ऐसा बयान दिया है जिसने भाजपा के खेमे में हलचल बढ़ सकती है। जयंत पाटिल ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के 14-15 विधायक महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के संपर्क में हैं, लेकिन सत्तारूढ़ गठबंधन विपक्ष के नेताओं को तोड़ने की गलती नहीं करेगा। पाटिल का यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया था कि वह प्रदेश में ऑपरेशन लोटस चला रही है ताकि वह प्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिरा सके।

आज भी हमारे संपर्क में
बता दें कि जयंत पाटिल महाराष्ट्र एनसीपी के अध्यक्ष हैं। बुधवार को जयंत पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में आने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि 14-15 विपक्ष के विधायक आज भी हमारे संपर्क में हैं। हमारा उनके साथ अच्छा रिश्ता है, लिहाजा हमे उनका भी काम कराना होता है। हम उनकी मानसिकता को समझते हैं। विधायकों को तोड़ना कतई सही नहीं है, हम यह गलती बिल्कुल भी नहीं करना चाहते हैं। हमारा ध्यान स्थिर सरकार को चलाना है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी। लेकिन शिवसेना के साथ मतभेद के चलते भाजपा को विपक्ष में बैठना पड़ा।

कांग्रेस ने लगाया था आरोप
बुधवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। लेकिन भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था। भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हमारा इरादा कतई कमलनाथ सरकार को गिराने का नहीं है, लेकिन उनकी सरकार आधा दर्जन से अधिक निर्दलीय, सपा और बसपा के भरोसे चल रहे हैं, लिहाजा बेहतर है कि वह अपने विधायकों को संभाले। अहम बात है कि 26 मार्च को राज्य सभा चुनाव होने हैं। कमलनाथ का कहना है कि हमारी सरकार को किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है।

दिग्विजय सिंह ने लगाया था आरोप
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा 25-35 करोड़ रुपये देकर कांग्रेस के विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा में वर्तमान में 228 सदस्य हैं। कांग्रेस के पास 114 विधायक हैं। वहीं उसे 4 निर्दलीय, 2 बसपा और 1 सपा विधायक का भी समर्थन है। बीजेपी के पास 107 विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications