खुद को कोरोना होने की खबर पर भड़के महाराष्ट्र के मंत्री, शेयर की अपनी टेस्ट रिपोर्ट
नई दिल्ली: देश में तेजी से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। कई बड़े नेता और हस्तियां भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इस बीच महाराष्ट्र के गृहनिर्माण मंत्री जितेन्द्र आव्हाड के भी कोरोना से संक्रमित होने की खबर सामने आई थी, लेकिन अब खुद मंत्री ने मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है। जितेन्द्र आव्हाड के मुताबिक उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके लिए साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी रिपोर्ट भी शेयर की है।

दरअसल कुछ दिन पहले खबर आई थी कि जितेन्द्र आव्हाड के साथ चलने वाले एक पुलिस अधिकारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद उन्होंने खुद को घर पर क्वारंटाइन कर लिया था। इसी बीच कुछ चैनल्स ने खबर दिखा दी कि मंत्री जितेन्द्र आव्हाड को कोरोना हो गया है। जिससे नाराज मंत्री ने अब अपनी कोरोना रिपोर्ट अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है। उन्होंने लिखा कि मैं पूरी तरीके से फिट और अच्छा हूं और काम कर रहा हूं, लेकिन कुछ चैनल मेरे नाम का इस्तेमाल टीआरपी के लिए कर रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें मेरी ये रिपोर्ट देखनी चाहिए।
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है महाराष्ट्र
आपको बता दें कि देश में अब तक 11 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 377 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। मौजूदा हालात में महाराष्ट्र सबसे ज्यादा कोरोना से प्रभावित है, जहां पर कोरोना संक्रमितों की संख्या 2600 के पार हो गई है, जबकि 178 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 350 नए केस आने से सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं ऐसे हालात के बाद भी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दावा किया है कि महाराष्ट्र कोरोना की इस लड़ाई में देश को रास्ता दिखाएगा।












Click it and Unblock the Notifications