Lok Sabha Election 2024: महाराष्ट्र में 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM, इन 4 सीटों पर बिगड़ेगा 'इंडिया' का गणित

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) ने अबकी बार महाराष्ट्र में 5 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है। 2019 में पार्टी ने महाराष्ट्र की राजनीति में खेला करते हुए बहुत ही कम अंतर से एक सीट जीत भी ली थी।

भिवंडी शहर में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान महाराष्ट्र में एआईएमआईएम के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ अब्दुल गफ्फार कादरी ने कहा है कि अबकी बार उनकी पार्टी प्रदेश की 5 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

maharashtra aimim to 5 seats in ls

महाराष्ट्र में 5 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए सर्वे करवा रही है एआईएमआईएम
पार्टी नेता के मुताबिक ओवैसी की पार्टी अभी राज्य के पांच लोकसभा सीटों पर सर्वे करवा रही है, ताकि उसके लिए प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार की जा सके।

महाराष्ट्र की इन 5 सीटों पर है ओवैसी की पार्टी की नजर
एआईएमआईएम नेता के मुताबिक इस बार उनकी पार्टी महाराष्ट्र की जिन पांच लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, उनमें मुंबई नॉर्थ, धुले, भिवंडी, नांदेड़ और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) शामिल हैं।

2019 में महाराष्ट्र में औरंगाबाद सीट जीती थी एआईएमआईएम
इनमें से औरंगाबाद या छत्रपति संभाजीनगर में 2019 के लोकसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी ने चौंकाने वाली जीत दर्ज की थी। तब यहां शिवसेना के पूर्व नेता हर्षवर्धन जाधव ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और उन्हें यहां पर 24% वोट मिले थे।

इसका परिणाम ये हुआ था कि बीजेपी समर्थित शिवसेना उम्मीदवार चंद्रकांत खैरे को सिर्फ 32.08% वोट ही मिले थे और एआईएमआईएम के सैयद इम्तियाज जलील ने 32.45% वोट लेकर बाजी जीत ली थी।

इन चारों सीटों पर खासकर कांग्रेस की उम्मीदों पर पानी फेर सकती है एआईएमआईएम
लेकिन, ओवैसी की पार्टी अपनी योजना के आधार पर आगे बढ़ी तो चार सीटों पर विपक्षी इंडिया ब्लॉक और उसमें भी कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मसलन, मुंबई नॉर्थ सीट पर बीजेपी 71.38% वोट लेकर जीती थी। यहां कांग्रेस को महज 24.39% वोट मिले थे।

वहीं धुले लोकसभा सीट की बात करें तो भाजपा ने यहां पर 56.36% लेकर चुनाव जीता था और कांग्रेस को मात्र 35.3% वोट मिले थे।

नांदेड़ में कांग्रेस के उम्मीदवार को 39.55% वोट मिले थे, लेकिन बीजेपी ने 43.1% वोट के साथ यहां भी जीत दर्ज की थी। चौथी सीट भिवंडी है, जहां इसबार एआईएमआईएम भाग्य आजमाना चाह रही है।

पिछली बार यहां बीजेपी उम्मीदवार को 52.07% वोट मिले थे और कांग्रेस को 36.52% वोट हासिल हुए थे। ऐसे में पिछले चुनाव का रिकॉर्ड बता रहा है कि चारों सीटों पर ही ओवैसी की दावेदारी से इंडिया ब्लॉक की ही परेशानी बढ़ने वाली है। क्योंकि, ओवैसी की पार्टी का लक्ष्य मुस्लिम वोट है, जिसपर कांग्रेस की निगाहें भी टिकी हुई हैं।

कांग्रेस-एनसीपी पर एआईएमआईएम नेता का निशाना
खास बात ये है कि कादरी के निशाने पर भी इंडिया ब्लॉक की पार्टियां कांग्रेस और एनसीपी ही हैं, जिनके बारे में उनका कहना है कि ये खुद के सेक्युलर होने का दावा करती हैं, लेकिन एआईएमआईएम को 'अछूत' मानती हैं।

महाराष्ट्र में एआईएमआईएम ने बढ़ाया है अपना जनाधार
ओवैसी की पार्टी ने ये भी दावा किया है कि विपक्षी इंडिया गठबंधन में सब 'ठीक नहीं' है। हैदराबाद के सांसद ने तेलंगाना के अलावा जिन राज्यों में अपनी चुनावी मौजूदगी बढ़ाई है, उनमें महाराष्ट्र सबसे प्रमुख है।

पार्टी ने बिहार और यूपी में भी गंभीरता से हाथ-पैर मारे हैं। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी को राज्य में 5 सीटें मिली भी थीं, लेकिन उसके 4 विधायक कुछ ही दिन में लालू यादव की आरजेडी में शामिल हो गए थे। लेकिन, यूपी विधानसभा चुनावों में इसे उतनी सफलता नहीं मिल सकी। (इनपुट-पीटीआई)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+