मुंबई-पुणे को लेकर MHA ने लिखी चिट्ठी, सीएम उद्धव ने कहा- 'लोग गलतफहमी में ना रहें, लॉकडाउन नहीं हटा है'
नई दिल्ली। खतरनाक कोरोना वायरस ने देश में हड़कंप मचा रखा है। इसके प्रसार को रोकने के लिए देश में 40 दिनों का लॉकडाउन जारी है। हालांकि, देश की अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए सोमवार से कुछ जगहों पर लॉकडाउन से ढील दी गई है। जिस पर गृह मंत्रालय ने चिंता जताई है। राज्यों को निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। वहीं महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि, किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि लॉकडाउन को हटा दिया गया है। हमने सिर्फ अर्थव्यवस्था को थोड़ा सुचारू रूप से चलाने की कोशिश की है।

महाराष्ट्र के कुछ इलाके में लॉकडाउन में थोड़ी नरमी किए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने उद्धव सरकार को पत्र लिखा है। पत्र में गृह मंत्रालय ने कहा कि, मुंबई और पुणे में हालात बहुत ही चिंताजनक हैं। अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (आईएमसीटी) ने मुंबई और पुणे का दौरा किया है। इसके साथ ही राज्य ने इन जगहों को लेकर आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम उद्धव ठाकरे से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया है।
वहीं उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन को लेकर गृह मंत्रालय द्वारा व्यक्त की गई चिंता को लेकर कहा कि, किसी को यह नहीं सोचना चाहिए कि लॉकडाउन को हटा दिया गया है। हमने सिर्फ अर्थव्यवस्था को थोड़ा सुचारू रूप से चलाने की कोशिश की है। मुझे पता चला है कि कुछ लोग दी गई छूट को लॉकडाउन खत्म होने का संकेत मान रहे हैं। यदि वे ऐसा करते हैं तो हम सख़्त कदम उठाएंगे।
बता दें कि, सोमवार को गृह मंत्रालंय ने कहा कि, मध्य प्रदेश के इंदौर, महाराष्ट्र के मुंबई एवं पुणे, राजस्थान के जयपुर और पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, पूर्वी मेदिनीपुर, उत्तर 24 परगना, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में हालात 'विशेष रूप से गंभीर' हैं । मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, तालाबंदी के नियमों के उल्लंघन के सामने आए मामले लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं और कोविड-19 के फैलने का खतरा भी बढ़ा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications