शिवसेना ने पूरा किया ये बड़ा वादा, केवल 10 रु में BMC कर्मचारियों को मिलने लगी खाने की थाली
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान शिवसेना ने अपने घोषणापत्र में वादा किया था कि केवल 10 रु में खाना उपलब्ध करवाया जाएगा। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अपने कर्मचारियों के लिए 10 रु में खाने की थाली की सुविधा शुरू कर दी है। भोजन की इस थाली में दो रोटी, चावल, दाल और दो सब्जी होंगी। भोजन की इस थाली के लिए मुंबई में बीएमसी कर्मचारियों से केवल 10 रुपए लिए जाएंगे।

10 रु में भोजन की थाली शुरू
10 रु में भोजन की थाली शुरू होने पर बीएमसी मेयर किशोरी पेडनेकर की प्रतिक्रिया आई है। किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बीएमसी के कैंटीन में ये विकल्प होने के कारण इस योजना को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ये योजना महाराष्ट्र के अन्य लोगों के लिए भी शुरू की जाएगी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान शिवसेना ने 10 रु की थाली के अलावा अपने मेनिफेस्टों में किसानों को संपूर्ण कर्ज माफी का भी वादा किया था।

शिवसेना ने मेनिफेस्टो में किया था वादा
इसके अलावा शिवसेना ने केवल एक रुपए में मरीजों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का भी वादा किया था। महाराष्ट्र के अलावा कुछ अन्य राज्यों में भी इस तरह की योजनाएं शुरू हुई थीं। तमिलनाडु में 'अम्मा कैंटीन' की शुरुआत हुई थी। जबकि कर्नाटक के 'इंदिरा कैंटीन' और दिल्ली में भी 'जन आहार' के नाम से सस्ती दरों पर खाना उपलब्ध करवाया गया है।
कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर शिवसेना ने बनाई है सरकार
महाराष्ट्र में शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई है। तीनों दलों के बीच सहमति बनने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। विधानसभा चुनाव से पहले, शिवसेना ने बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन नतीजे आने के बाद शिवसेना ने भाजपा के सामने मुख्यमंत्री पद की मांग रख दी थी, जिसपर दोनों दलों के बीच मतभेद उभरकर सामने आ गए थे। दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर सहमति नहीं बनी थी, जिसके बाद शिवसेना ने बीजेपी का साथ छोड़ कांग्रेस-एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications