कांग्रेस विधायक नितेश राणे का विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा, भाजपा में हो सकते हैं शामिल
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे ने कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। राणे ने मंगलवार को विधानसभा स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंपा। माना जा रहा है कि कणकवली सीट से विधायक नितेश भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। नितेश को भाजपा विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बना सकती है। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा की सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

नितेश के भाजपा में जाने को लेकर काफी समय से चर्चाएं हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनकी मुलाकातें हुई थीं। नितेश के पिता नारायण राणे की पार्टी महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष के भाजपा में विलय को लेकर भी बातचीत चल रही है।
कणकवली से विधायक नितेश नारायण राणे 'स्वाभिमान संगठन' नाम का संगठन भी चलाते हैं। नितेश के पिता नारायण राणे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे हैं। एक समय में उनको उन्हें शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का करीबी माना जाता था।
नितेश राणे कुछ समय पहले उस समय चर्चा में आए थे जब महाराष्ट्र के कांकावली में मुंबई-गोवा राजमार्ग पर गड्ढों को देख उन्होंने एक इंजीनियर को बंधवाकर उस पर कीचड़ डाल दिया था। मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। नारायण राणे ने बाद में अपने बेटे की इस हरकत के लिए माफी मांगी थी।












Click it and Unblock the Notifications