महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में पुलिस-नक्सलियों की बड़ी मुठभेड़, 2 जवान शहीद
मुंबई। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों से हुई एक मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हुए हैं। इस मुठभेड़ में 3 जवानों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया है। शुरुआती इनपुट्स के अनुसार, नक्सलियों से मुठभेड़ की यह घटना गढ़चिरौली की भामरागढ़ तहसील में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस की क्विक रेस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने रविवार सुबह भामरागढ़ तहसील के पोरयकोटी-कोरपर्शी जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान पुलिस की घेराबंदी को देखकर नक्सलियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी।
Recommended Video

इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों का पीछा किया। दूसरी ओर से हो रही जवाबी कार्रवाई के बीच पुलिस बल के दो जवान गंभीर रूप से घायल होने के बाद शहीद हो गए। अधिकारिक सूचना के अनुसार, मुठभेड़ में QRT के पुलिस उपनिरीक्षक धनाजी होमणे और जवान किशोर आत्राम हुए शहीद हुए। इसके अलावा तीन अन्य जवानों को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपको बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में गढ़चिरौली में नक्सलियों से मुठभेड़ की घटना सामने आई थी। इस मुठभेड़ में पुलिस ने एक इनामी नक्सली को मार गिराया था। मुठभेड़ की यह घटना प्रदेश के गढ़चिरौली जिले के पेंड्री के सिभट्टी के जंगलों में हुई थी। इस मुठभेड़ में पुलिस की सी60 कमांडो टीम पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। सी 60 कमांडो टीम ने भी नक्सलियों पर फायरिंग शुरू कर दी। लगभग एक घंटे तक मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से भाग निकले थे। नक्सलियों के जाने के बाद कमांडो टीम ने मौके से एक महिला नक्सली का शव बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications