महाकुंभ पहुंचे उद्योगपति गौतम अडानी, इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर खींच रहे हैं आस्था की अलग लकीर
Gautam Adani Maha Kumbh 2025: मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी मंगलवार (21 जनवरी) को महाकुंभ का हिस्सा बने। गौतम अडानी आज प्रयागराज महाकुंभ पहुंचे। अडानी ने सबसे पहले महाकुंभ मेला क्षेत्र में इस्कॉन के सेवा शिविर का दौरा किया, जहां अडानी ग्रुप, इस्कॉन के साथ मिलकर हर दिन एक लाख से ज्यादा भक्तों मुफ्त भोजन करा रहा है। इस्कॉन का दौरा करने के बाद गौतम अडानी त्रिवेणी संगम गए और पूजा-अर्चना की। इस पवित्र स्थल पर अडानी ने अपने परिवार और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद अडानी ने भारत के 16 प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में से एक, प्रसिद्ध लेटे हनुमान मंदिर का दौरा किया। अडानी गीता प्रेस के शिविर भी गए। अडानी ग्रुप गीता प्रेस के साथ मिलकर एक करोड़ 'आरती संग्रह' मुफ्ट बांट रहा है। इतना ही नहीं, गौतम अडानी ने कुंभ मेला क्षेत्र की साफ-सफाई में जुटे कर्मचारियों से भी मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। सफाई कर्मचारियों के योगदान से महाकुंभ में साफ-सफाई देखने को मिल रही है।

गौतम अडानी ने महाकुंभ में अपनी उपस्थिति से आस्था और धर्म की दिशा में एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। गौतम अडानी की ये यात्रा एकता, पवित्रता और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। गौतम अडानी ने महाकुंभ को भारतीय संस्कृति का एक भव्य यज्ञ बताया है। गौतम अडानी के नेतृत्व वाला अडानी समूह ने महाकुंभ में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इस बार अडानी समूह इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ मिलकर महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा है।
इस्कॉन और गीता प्रेस, दोनों ही संगठन भारतीय धार्मिकता और संस्कृतियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। इन दोनों संगठनों के साथ अडानी समूह का जुड़ाव महाकुंभ में धार्मिक और समाजिक दायित्वों को निभाने के एक नए उदाहरण के रूप में सामने आया।
अडानी ग्रुप महाकुंभ में हर रोज लाखों श्रद्धालुओं को करा रहा है मुफ्त भोजन
अडानी ग्रुप महाकुंभ में श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन भी खिला रहा है। इसके लिए कंपनी ने इस्कॉन के साथ पार्टनरशिप की है। अडानी ग्रुप इस्कॉन के साथ मिलकर 'महाप्रसाद' सेवा के जरिए हर रोज एक लाख लोगों को मुफ्त भोजन परोस रहा है। अडानी ग्रुप की ओर से महाकुंभ में 50 लाख श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद सेवा का संचालन 13 जनवरी से शुरू किया गया है, जो 26 फरवरी तक किया जाएगा।
गौतम अडानी आज इस्कॉन के सेवा शिविर में पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को भोजन परोसा। गौतम अडानी इस्कॉन द्वारा संचालित किचन भी गए, जहां महाप्रसाद तैयार किया जाता है। उन्होंने वहां सभी तैयारियों का जायजा भी लिया। इस्कॉन ने मेला क्षेत्र और उसके बाहर महाप्रसाद बनाने के लिए दो किचन तैयार किए हैं। वहीं मेला क्षेत्र में 40 स्थानों पर महाप्रसाद सेवा श्रद्धालुओं को दी जा रही है।
गौतम अडानी का मानना है कि भक्तों की सेवा, मां गंगा की सेवा है। उन्होंने कहा, सेवा ही साधना है और सच्चे दिल से की गई सेवा, सीधा परमात्मा तक पहुंचती है।
अडानी ग्रुप गीता प्रेस के साथ मिलकर बांट रहा है एक करोड़ 'आरती संग्रह'
अडानी ग्रुप महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को एक करोड़ 'आरती संग्रह' की मुफ्त प्रतियां बांट रहा है, इसके लिए कंपनी ने गीता प्रेस के साथ हाथ मिलाया है। गीता प्रेस की ओर से प्रकाशित 'आरती संग्रह' भक्ति गीतों का संग्रह होगा है। वहीं गीता सार की पांच लाख प्रतियां भी बांटी जाएंगी। गौतम अडानी के इस पहल को सनातन साहित्य सेवा के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।
आज मंगलवार को गौतम अडानी महाकुंभ में गीता प्रेस के शिविर में भी गए। गौतम अडानी का मानना है कि गीता प्रेस 100 सालों से सनातन और साहित्य के जरिए भारत की सेवा कर रहा है, और जब बात महाकुंभ में सनातन और साहित्य की सेवा की हो तो, गीता प्रेस से बेहतर कौन हो सकता है।
अडानी समूह की इलेक्ट्रिक गाड़ियां भी दे रही हैं महाकुंभ में फ्री सर्विस
इसके अलावा अडानी समूह ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं भी हैं। जिसमें बुजुर्गों, विकलांगों और छोटे बच्चों वाली माताओं के लिए ग्रीन गॉल्फ कार्ट यानी इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल हैं। बैटरी से चलने वाली ग्रीन गॉल्फ कार्ट भक्तों को संगम पर ले आने और ले जाने का काम रही है।
गौतम अडानी की महाकुंभ यात्रा आध्यात्मिक भक्ति और व्यावहारिक सेवा के मिश्रण का उदाहरण है, जो भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक लोकाचार का समर्थन करने की उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। महाप्रसाद सेवा, गीता प्रेस सहयोग और स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों जैसी पहलों के माध्यम से, अडानी समूह के योगदान ने आध्यात्मिक और मानवीय प्रयास के रूप में महाकुंभ के सार को मजबूत किया है।












Click it and Unblock the Notifications