मध्य प्रदेश के निवाड़ी में हादसा, रेत की खदान में दबकर तीन की मौत
भोपाल। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में रेत की खदान में दबकर तीन युवकों की मौत हो गई है। ओरछा थाना क्षेत्र के घटवाहा गांव में ये हादसा हुआ हैै। ये तीनों बेतवा नदी किनारे रेत निकाल रहे थे। इसी दौरान खदान धसक गई और ये रेत में दब गए। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तीनों को रेत से निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां इनको मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान हीरालाल कुशवाहा, पंकज रैकवार और संजय रैकवार के तौर पर हुई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ट्वीट कर हादसे पर दुख जताते हुए कहा, निवाड़ी में खदान दुर्घटना में मिट्टी ढहने और नीचे दबने से तीन मजदूरों का निधन हो गया। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी, सरकार पूरी तरह उनके साथ है। वहीं इन तीन लोगों की मौत पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा- पता नहीं कब इन रेत माफ़ियाओ पर अंकुश लगेगा, प्रदेश के कई हिस्सों में चल रही अवैध रेत खदानो पर अंकुश लगेगा, कब तक ये यूँ ही निर्दोषो की जान लेते रहेंगे?
सीधी में भी हादसा
मध्य प्रदेश के सीधी में भी मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ है। सीधी में सतना जा रही एक बस मंगलवार सुबह अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। बस में 54 लोग सवार थे। अब तक 42 शव नदी से निकाले जा चुके हैं। वहीं छह लोगों को बचा लिया गया है, जबकि चालक खुद तैरकर बाहर आ गया। बाकी लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर व एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। बस को भी क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया है। चालक को पुलिस ने लापरवाही के आरोप में हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications