मध्य प्रदेश: पटवारी के घर छापे में मिली करोड़ों की संपत्ति, बंगला-गाड़ी
भोपाल। इंदौर के रहने वाले पटवारी जाकिर हुसैन के घर और दूसरे ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस ने छापेमारी की। मध्यप्रदेश की लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी के यहां से करोड़ों की संपत्ति मिलने का दावा किया है। पटवारी जाकिर हुसैन शहर के कांकड़ इलाके में रहता है। लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को जाकिर के घर और दूसरे छह ठिकानों पर रेड की।

इंदौर लोकायुक्त पुलिस के अधीक्षक दिलीप सोनी का कहना है कि 2005 में सरकारी नौकरी में आए जाकिर को 35,000 रुपये का मासिक वेतन मिलता है, उसकी तनख्वाह के हिसाब से उसके पास सपंत्ति काफी ज्यादा है। सोनी ने बताया कि छापों में पटवारी के घर से लगभग पांच लाख नकद, सोने-चांदी के जेवर और दो चारपहिया वाहन मिले हैं। जाकिर की अचल सम्पत्तियों में एक फ्लैट, आवासीय टाउनशिप में बंगला, दुकान, दो भूखंड और दो बीघा जमीन शामिल हैं।
दिलीप सोनी के मुताबिक, पटवारी जाकिर हुसैन के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उसने भ्रष्ट तरीकों से बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित की है। शिकायत के आधार परछापे मारे गए। लोकायुक्त पुलिस के छापों में इस बात के सबूत मिले हैं कि पटवारी ने बड़े पैमाने संपत्ति बनाई है। ये संपत्तियां इंदौर, उज्जैन और शाजापुर जिलों में हैं। लोकायुक्त पुलिस पटवारी और उसके कुछ नजदीकी लोगों के बैंक खातों की भी जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications