MP News: हरदा में सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन, 10 महीने से मानदेय लंबित रखने पर जिला संयोजक निलंबित
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 'सोल्यूशन ऑनलाइन' का निरीक्षण किया, पांच आवेदकों के मुद्दों को संबोधित किया, और एक कार्यकर्ता के पारिश्रमिक में लंबी देरी के लिए आदिम जाति कल्याण के जिला समन्वयक को निलंबित कर दिया। यह आयोजन विभागों में समय पर भुगतान, जवाबदेही और प्रभावी शिकायत निवारण पर जोर देता है।
भोपाल/हरदा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में समाधान ऑनलाइन के दौरान जनसमस्याओं की समीक्षा करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक प्रमोद माथुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। एक महिला कर्मचारी का मानदेय 10 महीने से अधिक समय तक लंबित रखने और शिकायत के निराकरण में लापरवाही बरतने के मामले में यह कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान ऑनलाइन के दौरान मुख्यमंत्री ने पांच आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन जनता की सेवा के लिए हैं। अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि रसोई का काम करने वाली एक महिला कर्मचारी का मानदेय 10 महीने से अधिक समय से लंबित था। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से भुगतान में देरी का कारण पूछा। जिला संयोजक प्रमोद माथुर की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल निलंबन के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन और मानदेय का भुगतान समय पर होना चाहिए। नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर नाराजगी, अर्थदंड लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत तय समय में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों पर अर्थदंड लगाने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच और निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। कलेक्टर सभी शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस विभाग की 100 दिन से अधिक समय से लंबित 27 शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अप्रसन्नता जताई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को इन मामलों की स्वयं समीक्षा करने और देरी के कारणों का पता लगाकर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कृषि, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, राजस्व और गृह विभाग से जुड़ी लंबे समय से लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ आवेदकों को समय पर राहत देने के निर्देश दिए।
बिजली बिल की समस्याओं के समाधान के निर्देश
समाधान ऑनलाइन के दौरान मुख्यमंत्री ने संदीप गौर से बातचीत कर कृषि यंत्रों पर सब्सिडी से संबंधित शिकायत सुनी। वहीं, सतीश उइके की बिजली बिल से जुड़ी समस्या पर चर्चा करते हुए विद्युत विभाग के महाप्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बिजली बिल से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए मीटरों के सैंपल की जांच कर जानकारी जुटाने को कहा। उन्होंने बिजली बिल संबंधी शिकायतों के निराकरण में देरी पर नाराजगी जताई। इसके अलावा शबाना, रेखा यादव और अरविंद इवने सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
नल-जल योजनाओं की निगरानी और बिजली व्यवस्था सुधारने पर जोर
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कलेक्टर को हस्तांतरित नल-जल योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन में समस्या आने पर तत्काल समाधान किया जाए, ताकि लोगों को नियमित रूप से पेयजल मिल सके।
मुख्य सचिव ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पूर्ण हो चुकी नल-जल योजनाओं का हस्तांतरण शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले में बिजली संबंधी समस्याओं और ट्रिपिंग पर नियंत्रण के लिए भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हरदा में नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर जोर
विभागीय समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हरदा एक छोटा जिला है, लेकिन इसे आदर्श जिले के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने नर्मदा परिक्रमा पथ का तेजी से विकास करने और जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के वरिष्ठ नागरिक सरगम जैन और विक्रांत अग्रवाल से संवाद किया। सरगम जैन ने जिले के विकास और नाभि कुंड के विकास से संबंधित सुझाव दिए, जबकि विक्रांत अग्रवाल ने ओपन स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रखा।
‘मिशन कोड शक्ति’ से 2,500 विद्यार्थी सीख रहे आधुनिक तकनीक
मुख्यमंत्री ने हरदा जिले में संचालित ‘मिशन कोड शक्ति’ नवाचार की सराहना की। इस पहल के माध्यम से जिले के करीब 2,500 विद्यार्थी आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सभागार में आयोजित उद्यमी, युवा एवं किसान संवाद के दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से बातचीत की और उनके अनुभव जाने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, आधुनिक तकनीक, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है। उद्यमियों को ई-कॉमर्स और डिजिटल माध्यमों से अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, किसानों को प्राकृतिक खेती, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे विकल्पों के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रजाई निर्माण व्यवसाय से 72 लोगों को मिला रोजगार
हरदा के उद्यमी पलाश करोड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 25 लाख रुपये का बैंक ऋण और करीब 6.25 लाख रुपये का अनुदान मिलने से उन्होंने रजाई निर्माण का व्यवसाय स्थापित किया। उनके उत्पाद मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किए जा रहे हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी बिक्री हो रही है। इस व्यवसाय से लगभग 72 लोगों को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने उनके व्यवसाय की लागत, कच्चे माल और टर्नओवर की जानकारी लेते हुए प्रयासों की सराहना की। खिरकिया के गौरव माहेश्वरी ने गोवर्धन योजना और मुख्यमंत्री जैव ईंधन योजना के तहत स्थापित किए जा रहे बायो-सीएनजी प्लांट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे आय बढ़ने के साथ पराली का उपयोग भी होगा, जिससे पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।
30 हजार लैंड लेवलर का निर्माण, 12 जिलों में बिक्री
टिमरनी के गुरचरण लाल ने बताया कि उनकी इकाई अब तक लगभग 30 हजार लैंड लेवलर कृषि उपकरणों का निर्माण कर चुकी है। इनकी बिक्री 12 जिलों में हो रही है। यह मशीन खेतों में नरवाई को चूर करने और मिट्टी के ढेलों को बारीक करने में उपयोगी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मिले ऋण और अनुदान के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा में लैंड लेवलर का उपयोग बढ़ाया जाए, ताकि पराली जलाने की समस्या का स्थायी समाधान निकालने में मदद मिल सके।
कनारदा के उद्यमी दीपक उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने लिंक अनुदान योजना के तहत 70.77 लाख रुपये की सहायता से मूंगदाल और मूंग पॉलिश इकाई स्थापित की है। उनके उत्पाद चीन, दुबई, अमेरिका और देश के प्रमुख शहरों तक पहुंच रहे हैं।
वहीं, टिमरनी के महेंद्र सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत 10 लाख रुपये के अनुदान से खाद्य प्रसंस्करण और मसाला उद्योग स्थापित किया। उनके ‘निर्मल स्पाइसेज’ उत्पाद मध्य प्रदेश के 12 जिलों में पहुंच रहे हैं। व्यवसाय के विस्तार के लिए ऑनलाइन बिक्री और डिजिटल मार्केटिंग का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
‘बरगंडी बाग’ ब्रांड से जुड़ीं एक हजार जनजातीय महिलाएं
सिरकंपा की उद्यमी अर्चना नागर ने अपने अंतरराष्ट्रीय ब्रांड ‘बरगंडी बाग’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी मूल के रोसेले पौधे से स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं और लगभग एक हजार जनजातीय महिलाओं को उत्पाद निर्माण से जोड़ा गया है।
उनके अनुसार, ब्रांड को एमएसएमई, एपीडा, फिक्की और अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएस एफडीए) से संबंधित प्रमाणपत्र प्राप्त हैं। मुख्यमंत्री ने उत्पादों का अवलोकन किया और इन्हें पर्यटन विभाग से जोड़कर कारोबार का विस्तार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के विजेता टिमरनी निवासी यश पचौरी से भी संवाद किया।
प्राकृतिक खेती और पशुपालन से किसानों की आय में वृद्धि
सिराली के किसान आनंद यादव ने बताया कि सरकारी योजना से मिली एक लाख रुपये की सहायता से उन्होंने बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किया है। इसके माध्यम से वे जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खेती और गो-आधारित उत्पादों से लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
टिमरनी के किसान नवनीत जैन ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत स्थापित साइलेज निर्माण इकाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस इकाई से हरे चारे को लंबे समय तक सुरक्षित और पौष्टिक बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन में सुधार के साथ पशुपालन की लागत कम करने में भी सहायता मिल सकती है।
खिरकिया तहसील के सूर्य प्रताप ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 42 लाख रुपये की वित्तीय सहायता से उन्होंने नौ उच्च नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदीं। इससे उनके डेयरी व्यवसाय का विस्तार हुआ और वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 100 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी हितग्राहियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ लेकर उद्यमी, युवा और किसान न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार और विकास के अवसर पैदा कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
