MP News: CM डॉ. मोहन ने लिए अहम फैसले, MP के विकास के लिए 1.46 लाख करोड़ रुपये की मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट ने शासन, विज्ञान और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए नर्मदा मिशन और लाडली बहना व लाडली लक्ष्मी, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के लिए बढ़ाए गए वित्त पोषण को मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक में नर्मदा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन से लेकर महिला सशक्तिकरण, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और अधोसंरचना तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बड़ी राशि स्वीकृत की गई।

कैबिनेट ने जीवनदायिनी नर्मदा नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन और दीर्घकालीन सतत प्रबंधन के लिए 'निर्मल एवं अविरल मां नर्मदा मिशन (नमन मिशन)' के गठन को मंजूरी दी। राज्य की लगभग 33 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नर्मदा नदी और उसके जलग्रहण क्षेत्र पर निर्भर है। मिशन को एकीकृत, वैज्ञानिक और बहु-विभागीय संस्थागत व्यवस्था के रूप में विकसित किया जाएगा।
'नमन मिशन' को मध्यप्रदेश सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1973 के तहत स्वायत्त संस्था के रूप में पंजीकृत किया जाएगा। इसकी सर्वोच्च साधारण सभा की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। मिशन की प्रशासनिक कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे। विभिन्न राष्ट्रीय संस्थानों के विशेषज्ञों को भी मिशन से जोड़ा जाएगा।
नर्मदा मिशन के लिए बनेगा मजबूत वित्तीय ढांचा
मिशन के तहत नर्मदा संरक्षण और विकास कार्यों के लिए राज्य अनुदान से प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा CAMPA निधि से भी प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का उपयोग किया जाएगा। CSR, केंद्रीय सहायता और PPP मॉडल के माध्यम से भी संसाधन जुटाए जाएंगे। मिशन की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट AI, डेटा एनालिटिक्स, GIS, रिमोट सेंसिंग, डिसीजन सपोर्ट सिस्टम और जलवायु परिवर्तन मॉडलिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर नर्मदा नदी के स्वास्थ्य का वैज्ञानिक मूल्यांकन करेगी।
लाड़ली बहना योजना के लिए 1.14 लाख करोड़ रुपये
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर संचालन के लिए 1 लाख 14 हजार 365 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता DBT के माध्यम से दी जा रही है। वर्तमान में करीब 1.27 करोड़ महिलाएं योजना का लाभ ले रही हैं।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए 16,326 करोड़ रुपये
मध्यप्रदेश लाड़ली लक्ष्मी योजना को भी वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 16,326.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना का उद्देश्य बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, लिंगानुपात में सुधार, बालिकाओं की शिक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और उनके बेहतर भविष्य की आधारशिला तैयार करना है।
योजना के तहत अब तक करीब 50.99 लाख बालिकाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। पात्र बालिकाओं को अलग-अलग कक्षाओं में प्रवेश तथा उच्च शिक्षा के दौरान निर्धारित प्रोत्साहन राशि दी जाती है। 21 वर्ष की आयु पूरी होने पर 1 लाख रुपये के भुगतान का भी प्रावधान है।
कृषि शिक्षा और अनुसंधान के लिए 870 करोड़ रुपये
कैबिनेट ने कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी तीन योजनाओं के संचालन के लिए 870 करोड़ 16 लाख रुपये की मंजूरी दी है। इसमें जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर की स्ववित्तीय पेंशन योजना के लिए 310.23 करोड़ रुपये, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर की ब्लॉक ग्रांट योजना के लिए 469.93 करोड़ रुपये और कृषि क्षेत्र में अधोसंरचना विकास के लिए 90 करोड़ रुपये शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से कृषि शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, प्रयोगशालाओं और अन्य कृषि अधोसंरचनाओं को मजबूत किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 11,835 करोड़ रुपये
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण के लिए कैबिनेट ने कुल 11,835.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें उप स्वास्थ्य केंद्र योजना के लिए 4,742.45 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए 518.93 करोड़ रुपये, अस्पताल एवं औषधालय भवन निर्माण के लिए 3,219.22 करोड़ रुपये और आशा कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की योजना के लिए 3,354.75 करोड़ रुपये शामिल हैं।
प्रदेश में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 71,000 आशा कार्यकर्ता तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 5,200 आशा पर्यवेक्षक कार्यरत हैं। आशा कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सड़क विकास निगम में 35 नए पदों को मंजूरी
कैबिनेट ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की पद संरचना में 35 नए पदों को मंजूरी दी है। इसके अलावा पहले से स्वीकृत सात पदों की निरंतरता आगामी पांच वर्षों यानी 18 सितंबर 2031 तक बनाए रखने का निर्णय लिया गया है। इससे निगम पर करीब 4.12 करोड़ रुपये का वार्षिक वित्तीय भार आने का अनुमान है, जिसकी पूर्ति निगम अपने स्रोतों से करेगा।
वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक क्षमता निर्माण से जुड़ी योजनाओं के लिए 734 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह राशि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 की अवधि के लिए योजनाओं के निरंतर संचालन पर खर्च की जाएगी।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों के लिए 201.28 करोड़ रुपये तथा निर्देशन एवं प्रशासन से जुड़ी योजना के लिए 119.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके जरिए GIS, रिमोट सेंसिंग, जैव प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन अध्ययन, ग्रामीण प्रौद्योगिकी, नवाचार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा।
विज्ञान के प्रसार और इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के लिए भी राशि
कैबिनेट ने विज्ञान को लोकप्रिय बनाने और विज्ञान के प्रसार से जुड़ी योजना के लिए 172.52 करोड़ रुपये तथा मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम की गतिविधियों के लिए 241.16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम, मोबाइल विज्ञान प्रयोगशालाएं, नवाचार कार्यशालाएं और विज्ञान मंथन यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इन फैसलों के जरिए मध्यप्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, नर्मदा संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक और बुनियादी ढांचे समेत कई क्षेत्रों में आगामी वर्षों के विकास की दिशा तय की है।


Click it and Unblock the Notifications
