मध्यप्रदेश: भाजपा नेता मनोहर ऊंटवाल का निधन, लंबे समय से थे बीमार
भोपाल। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मनोहर ऊंटवाल का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार थे। 53 वर्षीय ऊंटवाल का दिल्ली के मेदांता स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा था। यहां उन्हें ब्रेन हेमरेज से पीड़ित होने के बाद भर्ती कराया गया था। ऊंटवाल साल 2018 में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में आगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।
Recommended Video

बता दें उन्होंने आगर विधानसभा सीट जीतने के बाद अपनी लोकसभा सदस्यता खाली कर दी थी। 2014 के संसदीय चुनावों में वह देवास निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार सांसद बने थे। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर मध्यप्रदेश भेजा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में पार्टी के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मनोहर ऊंटवाल के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'प्रदेश के आगर के विधायक मनोहर ऊंटवाल के दुःखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।'
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, 'आज ही सवेरे श्री मनोहर ऊंटवाल जी ने दिल्ली के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके असमय निधन से मध्यप्रदेश की जनता ने अपने प्रिय सेवक को खोया है। उनका पूरा जीवन प्रदेश एवं देशवासियों की सेवा में समर्पित रहा। उनका निधन पूरे मध्यप्रदेश की क्षति है।'
एक अन्य ट्वीट में शिवराज ने कहा, 'श्री मनोहर ऊंटवाल जी मेरे व्यक्तिगत मित्र थे, भाई थे, निकट सहयोगी थे। मध्यप्रदेश भाजपा ने अपने प्रिय कार्यकर्ता को खोया है और मैंने अपने व्यक्तिगत मित्र को। भगवान उनके परिवार को यह असह्य वेदना सहने की शक्ति दे। बड़े गौर से सुन रहा था जमाना, तुम ही सो गए दास्तां कहते, कहते।'
भाजपा नेता गोपाल भार्गव ने भी ऊंटवाल के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'भाजपा विधायक दल परिवार के सदस्य और मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री मनोहर ऊंटवाल जी के दुखद निधन का समाचार मिला। मन व्यथित है, और दुखी है। उनका असामयिक निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान दें। ॐ शांति...'












Click it and Unblock the Notifications