भाजपा के टिकट पर 2019 लोकसभा चुनाव लड़ने पर क्या बोलीं माधुरी, जानिए
बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने 2019 में चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। पिछले दिनों खबरें आईं थीं कि माधुरी भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकती हैं।

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने 2019 में चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। पिछले दिनों खबरें आईं थीं कि माधुरी भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। कहा जा रहा था कि माधुरी महाराष्ट्र की पुणे सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी, लेकिन अब उन्होंने इन सभी खबरों से इनकार कर दिया है।

माधुरी दीक्षित ने खबरों का किया खंडन
माधुरी दीक्षित के प्रवक्ता ने उनके अगले लोकसभा चुनाव में लड़ने की खबरों का खंडन किया है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि ये खबर झूठी और काल्पनिक हैं। हाल ही में खबर आई थी कि आम चुनावों के लिए भाजपा का आलाकमान उनका नाम शॉर्टलिस्ट कर चुका है। कहा जा रहा था कि माधुरी को महाराष्ट्र की पुणे सीट से उतारा जाएगा। 2014 लोकसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार ने बड़े अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर ये सीट जीती थी।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से पति संग की थी मुलाकात
इस साल जून में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने संपर्क फॉर समर्थन अभियान के तहत देश के कई जाने-माने लोगों से मुलाकात की थी। माधुरी से भी वो मिले थे, उन्होंने माधुरी और उनके पति से घर जाकर बातचीत की थी। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद ही वो भाजपा नेताओं से ज्यादा सपंर्क में आईं। माधुरी दीक्षित के अलावा पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग के भी भाजपा से टिकट मिलने की चर्चा कई बार हुई है।

समर्थन मांगने के लिए भाजपा ने चलाया था अभियान
इस साल अमित शाह अपनी सरकार की उपलब्धियां बताने और समर्थन मांगने के लिए दो दर्जन से ज्यादा लोगों से मिले थे। इस अभियान में बीजेपी अध्यक्ष पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष कश्यप, उद्योगपति रतन टाटा, महेंद्र सिंह धोनी से मिले थे। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए ये अभियान चलाया था।












Click it and Unblock the Notifications