डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात में फ्रांस और भारत के बीच साइन हुई 14 डील
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं। शनिवार को मैंक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस वार्ता के दौरान भारत और फ्रांस के बीच 14 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं।
नई दिल्ली। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं। शनिवार को मैंक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस वार्ता के दौरान भारत और फ्रांस के बीच 14 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। दोनों देशों के नेताओं ने मुलाकात के बाद एक ज्वॉइन्ट स्टेटमेंट जारी किया। पीएम मोदी ने इस दौरान भारत आने के लिए मैंक्रों का धन्यवाद किया। शनिवार को मैंक्रों का राष्ट्रपति भवन में स्वागत हुआ और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मैंक्रों ने कहा, 'भारत और फ्रांस की केमेस्ट्री काफी अच्छी है और दोनों देशों के रिश्ते एतिहासिक हैं।' शुक्रवार को जब मैंक्रों भारत आए तो पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट गए थे।

16 बिलियन डॉलर की डील हुई सील
मैंक्रों और पीएम मोदी की मुलाकात डेढ़ घंटे से कुछ ज्यादा समय तक चली। दोनों देशों के बीच इस दौरान 14 समझौतों पर साइन हुए है जो रक्षा और परमाणु ऊर्जा से जुड़े हुए हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने फ्रांस के राष्ट्रपति के ऑफिस के हवाले से जानकारी दी है कि भारत और फ्रांस के बीच करीब 16 बिलियन डॉलर के करार हुए हैं। इन डील में फ्रांस की कंपनी साफरान की ओर से स्पाइस जेट एयरलाइन को इंजन सप्लाई करने से लेकर कई और अहम करार भी शामिल हैं। मैंक्रों के ऑफिस की ओर से और ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है लेकिन कहा गया है कि करीब 200 मिलियन यूरो की रकम फ्रांस, भारत में निवेश करेगा।

मेक इंडिया के तहत होंगे इनवेस्टमेंट
हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी ने मैंक्रों के साथ दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने से लेकर रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और निवेश पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने मुलाकात के बाद बताया कि मेक इन इंडिया के तहत वह फ्रांस की ओर से भारत के रक्षा क्षेत्र में होने वाले निवेश का स्वागत करते हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कहा कि भारत और फ्रांस की रणनीति साझेदारी भले ही 20 वर्ष पुरानी हो लेकिन दोनों देशों की सभ्यताओं की आध्यात्मिक साझेदारी सदियों से भी लंबी है।
पीएम मोदी ने कहा, 'स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा न सिर्फ फ्रांस बल्कि भारत के संविधान में भी समाहित है।' पीएम मोदी ने जानकारी दी कि भारत और फ्रांस के युवा एक दूसरे को अच्छे से जान सकें इसके लिए भी भारत और फ्रांस ने दो समझौते साइन किए हैं।

जमीन से लेकर आसमान तक दोस्ती
पीएम मोदी ने आगे जानकारी दी कि जमीन से आसमान तक कोई ऐसा विषय नहीं है जिसमें भारत और फ्रांस साथ मिलकर काम ना कर रहे हों।उन्होंने कहा किरक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष और उच्च तकनीक में भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय सहयोग का इतिहास बहुत लंबा है। सरकार किसी की भी हो, हमारे संबंधों का ग्राफ सिर्फ और सिर्फ ऊंचा ही जाता है।

क्या कहा फ्रांस के राष्ट्रपति ने
इससे पहले राष्ट्रपति भवन में मीडिया से बात करते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति मैंक्रों ने कहा था कि फ्रांस, यूरोप का प्रवेश द्वार है और हम चाहते हैं कि भारत, यूरोप में सर्वश्रेष्ठ साथी हो। मैंक्रों ने कहा कि उनके भारत दौरे का पहला मकसद संबंध को इतना मजबूत करना है कि यह दशकों तक चले और साथ ही दोनों देशों के बीच इस क्षेत्र में संबंध को मजबूत करना चाहता हूं।












Click it and Unblock the Notifications