ले. जनरल मनोज पांडे होंगे नए उप-थलसेना प्रमुख, अभी संभाल रहे हैं पूर्वी कमान की जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 18 जनवरी: जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद से देश नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्त का इंतजार कर रहा है। इस बीच खबर आ रही कि भारत सरकार ने पूर्वी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को अगले उप-थलसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। जनरल पांडे लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी को रिटायर हो रहे हैं।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि काफी वक्त से सरकार उप-थलसेना प्रमुख के नाम पर विचार कर रही थी। जिस पर मंगलवार को लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे का नाम फाइनल हुआ। उम्मीद है जल्द ही आधिकारिक रूप से इसका ऐलान कर दिया जाएगा। जनरल पांडे ने दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स (द बॉम्बे सैपर्स) में नियुक्त होकर अपने करियर की शुरुआत की थी।
वहीं शिक्षा की बात करें तो वो स्टाफ कॉलेज, केम्बरली (यूनाइटेड किंगडम) से स्नातक हैं। इसके अलावा उन्होंने आर्मी वॉर कॉलेज, महू और नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) में हायर कमांड कोर्स में भाग लिया। वो पिछले 37 वर्षों से देश की सेवा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया था। उत्तर-पूर्व के काउंटर इंसर्जेंसी ऑपरेशंस में भी जनरल पांडे का अहम योगदान रहा। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने एक जून को महत्वपूर्ण पूर्वी सेना कमान के नये कमांडर के रूप में कार्यभार संभाला था। इस कमान का मुख्यालय कोलकाता में है।












Click it and Unblock the Notifications