Hormuz Strait से LPG टैंकर शिवालिक' और ‘नंदा देवी' लेकर भारत पहुंचे जांबाज नाविक, मंत्री ने बताया असली हीरो
LPG Tankers Shivalik, Nanda Devi: ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकलने की हरी झंडी मिलने के बाद भारतीय जहाजों की आवाजाही आंशिक रूप से शुरू हो गई है। इस फैसले ने खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीयों के चेहरों पर राहत की मुस्कान लौटाई है।
मिडिल ईस्ट संकट के बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग तय करते हुए दो एलपीजी टैंकर भारत पहुंचे हैं। इनमें 'नंदा देवी' नामक टैंकर 47 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लेकर गुजरात के वाडीनार बंदरगाह आया। इससे एक दिन पहले 'शिवालिक' नामक दूसरा टैंकर 46,000 मीट्रिक टन से ज़्यादा एलपीजी के साथ गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पहुंचा था। यह पोत मिडिल ईस्ट संकट के बीच ये दोनों जहाज युद्धग्रस्त 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' से गुजरे हैं।

'शिवालिक' द्वारा लाई गई एलपीजी की मात्रा भारतीय घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के करीब 32.4 लाख मानक घरेलू सिलेंडरों के बराबर है।, जो भारत की कुल दैनिक एलपीजी आयात ज़रूरत का लगभग एक दिन का हिस्सा पूरा कर सकती है। 'नंदा देवी' से 24 हजार मीट्रिक टन एलपीजी गुजरात से तमिलनाडु भेजी जाएगी। इन दोनों जहाजों के आगमन से भारत की एलपीजी आपूर्ति स्थिर होने और कमी की आशंकाओं को दूर करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने नाविकों के साहस की तारीफ
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने एलपीजी कैरियर जहाज 'शिवालिक' और 'नंदा देवी' पर सवार भारतीय नाविकों (सीफेरर्स) के साहस, समर्पण और पेशेवर क्षमता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ये नाविक वैश्विक व्यापार के "अनसंग हीरोज" हैं, जो कठिन परिस्थितियों और परिवार से लंबे समय तक दूर रहने के बावजूद आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं।
मंत्री ने इन्हें बताया 'ग्लोबल ट्रेड के असली हीरो'
मंत्री ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बारे में बात करते हुए बताया कि दोनों जहाजों ने बहुत जोखिम वाले हालात में भी असाधारण धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने सुरक्षित रूप से एलपीजी कार्गो की डिलीवरी सुनिश्चित की, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिली।
सोनोवाल ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा, सम्मान और वैश्विक पहचान को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने नाविकों के परिवारों के अटूट सहयोग की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मंत्री ने कहा कि सरकार भारतीय समुद्री क्षेत्र को सशक्त बनाने और नाविकों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।












Click it and Unblock the Notifications