भारत में LPG विश्व में सबसे महंगी, PPP के हिसाब से पेट्रोल-डीजल की कीमत भी जानिए
नई दिल्ली, 8 अप्रैल: पर्चेजिंग पावर पैरिटी (पीपीपी) के आधार पर भारत में रसोई गैस की कीमत दुनिया में सबसे ज्यादा है, जबकि अमेरिका और यूरोप के विकसित देशों के नागरिक हमारी तुलना में बहुत ही कम कीमत पर एलपीजी खरीद रहे हैं। पेट्रोल की स्थिति तो यह है कि एक लीटर पेट्रोल पर एक भारतीय की दैनिक आय का 1/4 हिस्सा चला जाता है। डीजल की कीमत भी भारत में दुनिया के अधिकतर देशों की तुलना में सबसे अधिक है। गौरतलब है कि हाल के दिनों पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दामों में काफी बढ़ोत्तरी की गई है और इसकी मूल वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी इजाफा है।

पीपीपी के आधार पर भारत में एलपीजी सबसे महंगी
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के मुताबिक पीपीपी (पर्चेजिंग पावर पैरिटी) के आधार पर भारत में एलपीजी सबसे महंगी है। घरेलू बाजार में स्थानीय मुद्रा की क्रय शक्ति के आधार पर देश में प्रति लीटर एलपीजी की जो कीमत है, उतनी दुनिया में कहीं भी नहीं है। पेट्रोल-डीजल की कीमत भी इस आधार पर भारत में दूसरे कई देशों के मुकाबले आसमान छू रहे हैं। पीपीपी के आधार पर भारत के बाद दुनिया में एलपीजी के दाम में तुर्की, फिजी, मेलडोवा और युद्धग्रस्त यूक्रेन जैसे देशों का स्थान आता है। लेकिन, यूरोप के कुछ देशों जैसे कि स्विटजरलैंड, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, कनाडा आदि मुल्कों में वहां के लोगों की परचेजिंग पावर की अपेक्षा एलपीजी बहुत ही सस्ती है।

54 देशों के मुकाबले सबसे महंगी एलपीजी भारत में
इस रिपोर्ट में 54 देशों में एलपीजी की कीमत के आधार पर बताया गया है कि पीपीपी के हिसाब से भारत में एक लीटर गैस की कीमत 3.5 अंतराष्ट्रीय डॉलर है, जो कि विश्व में सबसे ज्यादा है। मार्च के आखिर में ही घरेलू उपभोग के एलपीजी सिलेंडर वाले गैस के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए हैं। अगर राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों की बात करें तो यहां 14.2 किलो गैस वाले एलपीजी सिलेंडर अब औसतन 950 रुपये में मिल रहे हैं। यानी एक किलो गैस करीब 67 रुपये की पड़ रही है। जबकि, स्पेन में यह 1.4, इटली में 1.2, यूके में 1, फ्रांस में भी 1, जर्मनी में 1.4 डॉलर प्रति लीटर मिल रही है।

एक लीटर पेट्रोल पर रोजाना की 1/4 कमाई खर्च
इसी पीपीपी के आधार पर भारत में पेट्रोल की कीमत दुनिया में तीसरे नंबर पर है और दुनिया में सबसे महंगे डीजल मिलने वाले देशों में भारत का स्थान 8वां है। पीपीपी डॉलर की कीमतों के आधार पर देश में एक लीटर पेट्रोल 5.2 डॉलर और डीजल 4.6 डॉलर प्रति लीटर मिल रहे हैं। इस आधार पर रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि एक भारतीय की रोजाना की कमाई का लगभग एक-चौथाई (23. 5%) एक लीटर पेट्रोल पर खर्च हो जाती है। जबकि, एक औसत अमेरिकन रोजाना की कमाई का सिर्फ 0. 6% पर खर्ज कर रहा है। लेकिन, एक औसत पाकिस्तान अपनी रोज की कमाई का औसतन 23. 8%, नेपाली 38. 2% और अफ्रीकी देश बुरुंडी के नागरिक तो अपनी रोजाना की कमाई का 181. 8% पेट्रोल पर खर्च कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications