मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर देश भर के रसोई गैस डीलर

फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन ने कहा है कि अनुशासनात्मक प्रावधान में डीलरों के साथ पक्षपात किया गया है और तेल विपणन कंपनियों की ओर से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है। देश में 15 करोड़ रसोई गैस उपभोक्ताओं की विशाल संख्या को देखते हुए यह माना जा सकता है कि प्रस्तावित हड़ताल से वितरण व्यवस्था चरमरा सकती है।
फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के महासचिव पवन सोनी ने कहा कि 13 हजार वितरक नए सिलेंडरों की आपूर्ति बंद कर देंगे। सिर्फ अस्पतालों को आपूर्ति और गैस रिसाव जैसी आपात स्थिति में ही सेवा जारी रखी जाएगी। डीलर सिलेंडरों पर ऐसे सील की मांग भी कर रहे हैं, जिसके साथ छेड़-छाड़ नहीं हो सके। वे बेहतर वितरण प्रणाली और नई प्रचारित डिस्ट्रीब्यूटरशिप को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की भी मांग कर रहे हैं।
तेल विपणन कंपनियों के सूत्रों के मुताबिक ये डीलर विपणन अनुशासन दिशानिर्देश के विरोध में प्रदर्शन इसलिए कर रहे हैं, ताकि उपभोक्ता सेवा में सुधार और सब्सिडी वाले सिलेंडरों में व्याप्त कालाबाजारी को समाप्त करने की कोशिशों को पटरी से उतारा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications