लोकपाल सदस्य जस्टिस एके त्रिपाठी की कोरोना वायरस से मौत, AIIMS में थे भर्ती
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए लोकपाल सदस्य न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अजय कुमार त्रिपाठी की शनिवार को यहां AIIMS में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी उम्र 62 साल थी। उन्हें 2 अप्रैल को ही एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनकी बेटी और रसोइ को भी कोरोना संक्रमण हुआ था लेकिन वो दोनों इससे ठीक हो गए। जस्टिस त्रिपाठी को एम्स में भर्ती कराया गया था और जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी जिसके बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया था।
Recommended Video

त्रिपाठी कोरोना के पहले ऐसे मरीज थे जिन्हें वहां भेजा गया था। उल्लेखनीय है कि एम्स के ट्रॉमा सेंटर में ज्यादातर दुर्घटना के शिकार लोगों का इलाज किया जाता है लेकिन उसे हाल ही में समर्पित कोरोना अस्पताल बनाया गया है। स्वास्थ्य पेशेवरों ने कहा है कि कोरोनो वायरस विशेष रूप से बहुत छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरनाक है। एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि एक लंबी लड़ाई के बाद भी वह लोकपाल सदस्य को बचा नहीं सके।
सांस लेने में परेशानी के चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था लेकिन दो सप्ताह पहले हालत में सुधार होने पर वेंटिलेटर हटा लिया था लेकिन पिछले सप्ताह फिर से उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। इसी बीच एम्स के डॉक्टरों ने एक नई तकनीक पर काम करते हुए मरीज को प्रोन वेंटिलेटर पर रखा जिसमें मरीज को उल्टा लिटाकर वेंटिलेटर दिया जाता है। कुछ दिन के लिए डॉक्टरों की यह तरकीब काम भी कर गई लेकिन तबियत फिर खराब होने से डॉक्टर उन्हें बचाने में कामयाब नहीं हो सके।
कौन थे एके त्रिपाठी?
न्यायमूर्ति एके त्रिपाठी भ्रष्टाचार विरोधी लोकपाल के चार न्यायिक सदस्यों में से एक थे। उन्होंने बिहार राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में भी कार्य किया था और पटना उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत हुए और बाद में मुख्य न्यायाधीश बने। उन्हें पिछले साल 23 मार्च को लोकपाल के न्यायिक सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया था।
गौरतलब है कि भारत में कोरोनावायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में कोरोना संक्रमितों आंकड़ा बढ़कर 37,776 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार शाम को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से अब तक 1,223 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या 37,776 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के सबसे ज्यादा 2,411 नए मामले सामने आए हैं और 71 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications