लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद पीएम मोदी ने किया सदन को संबोधित, ओम बिरला को स्पीकर चुने जाने पर दी बधाई
PM Modi congratulates Om Birla: लोकसभा के विशेष सत्र के तीसरे दिन, 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव हुआ। ध्वनिमत से एनडीए के कैंडिडेट ओम बिरला एक बार फिर निचले सदन के अध्यक्ष चुने गए। ओम बिरला लगातार 2 बार लोकसभा स्पीकर चुने जाने वाले छठे व्यक्ति बन गए हैं।
ओम बिरला के फिर से लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारा विश्वास है कि आप आने वाले पांच साल तक हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पिछली लोकसभा ने उनके नेतृत्व में कई ऐतिहासिक विधेयक पारित किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "यह सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार इस आसन पर विराजमान हो रहे हैं...आपको मेरी और इस पूरे सदन की तरफ से बहुत शुभकामनाएं...अमृतकाल के इस महत्वपूर्ण कालखंड में दूसरी बार इस पद पर विराजमान होना बहुत बड़ा दायित्व आपको मिला है...हम सबका विश्वास है कि आप आने वाले 5 साल हम सबका मार्गदर्शन करेंगे..."
पीएम मोदी ने आगे कहा, "एक सांसद के रूप में आपकी कार्यशैली सभी सांसदों के लिए सीखने योग्य है। आपने स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मां अभियान शुरू किया है जो प्रेरक है। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की कोशिश, गरीबों को कंबल, कपड़े, छाता, जूते ऐसी अनेक सुविधाएं खोज-खोज कर पहुंचाते हैं। 17वीं लोकसभा संसदीय इतिहास का स्वर्णिम कालखंड रहा है। आपकी अध्यक्षता में जो निर्णय हुए हैं, सदन के जरिए जो सुधार हुए हैं, वो आपकी भी और सदन की भी विरासत है। जब भविष्य में विश्लेषण होंगे तब लिखा जाएगा कि आपकी अध्यक्षता वाली 17वीं लोकसभा की बहुत बड़ी भूमिका रही है।"
पीएम मोदी ने भारतीय न्याय संहिता से लेकर मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक और नारी शक्ति वंदन विधेयक तक, 17वीं लोकसभा से पारित विधेयकों का जिक्र करते हुए कहा, "आपकी अध्यक्षता में 17वीं लोकसभा ने भविष्य की बुनियाद रखी है। देश भविष्य में इसका गौरव करेगा। भारत को आधुनिक बनाने की दिशा में जब हर तरफ से प्रयास हो रहे हैं, ये नया संसद भी आपकी अध्यक्षता में भविष्य को लिखने का कार्य करेगा। नए संसद भवन में हमारा प्रवेश भी आपकी अध्यक्षता में हुआ और आपने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जिससे लोकतंत्र को मजबूती देने में मदद मिली है। सभी सांसदों को ब्रीफिंग के लिए व्यवस्था दी और आवश्यक रेफरेंस मैटेरियल मिला।"
पीएम मोदी ने ओम बिरला की प्रशंसा करते हुए आगे कहा, "आपने अच्छी व्यवस्था को विकसित किया है जिससे सांसदों में ये विश्वास जगा कि मैं भी तर्क दे सकता हूं। जी20 की बहुत चर्चा हुई, पी20 में सर्वाधिक देश आपके निमंत्रण पर भारत आए। इसने विश्व में भारत की प्रतिष्ठा को गौरव देने में बहुत बड़ा रोल अदा किया है।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "ये भवन बस चार दीवारें नहीं, 140 करोड़ देशवासियों की आशा का केंद्र है। संसद की कार्यवाही, जवाबदेही और आचरण संसदीय प्रणाली को मजबूत बनाता है। 17वीं लोकसभा की प्रोडक्टिविटी 25 साल के उच्चतम स्तर पर 97 फीसदी रही। आप विशेष अभिनंदन के अधिकारी हैं। कोरोनाकाल में हर सांसद को फोन कर हाल पूछा और किसी को भी बीमारी हुई तो व्यक्तिगत रूप से उसकी चिंता की। आपने जो फैसले किए, हम उस कठिन कालखंड में भी काम कर पाए। कोरोनाकाल में सदन में 170 परसेंट प्रोडक्टिविटी, ये दुनिया के लिए बहुत बड़ी खबर है। हम चाहते हैं कि सदन के नियमों का पालन सब करें। आपने कठोर निर्णय भी लिए हैं। मैं जानता हूं कि ऐसे नियम आपको पीड़ा भी देते हैं लेकिन आपने सदन की गरिमा को पसंद किया और पीड़ा को स्वीकार किया।"
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दी ओम बिरला को बधाई
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्पीकर निर्वाचित होने पर ओम बिरला को बधाई दी। राहुल गांधी ने कहा, "विपक्ष सरकार के साथ सहयोग करना चाहता है। सरकार के पास पॉलिटिकल पावर ज्यादा है लेकिन विपक्ष भी भारत का प्रतिनिधित्व करता है। हमें भरोसा है कि आप हमारी आवाज हमें उठाने देंगे। नविपक्ष की आवाज दबाना अलोकतांत्रिक है। विपक्ष आपकी पूरी मदद करेगा।"












Click it and Unblock the Notifications