कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की एक और लिस्ट, इलाहाबाद से योगेश शुक्ला को टिकट
नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। पार्टी की ओर से सोमवार को जारी की गई फेहरिस्त में उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर कैंडिडेट के नाम का ऐलान हुआ है जबकि एक सीट पर उम्मीदवार बदला गया है। इलाहाबाद सीट से योगेश शुक्ला को टिकट दिया गया है। डुमरियागंज से डॉ. चंद्रेश उपाध्याय को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं संतकबीरनगर से पार्टी ने परवेज खान की जगह भालचंद यादव को चुनाव में उतारा है।

इलाहाबाद, डुमरियागंज और संतकबीरनगर में छठे चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे। छठे चरण में यूपी में 14 सीटों पर मतदान होगा। इलाहाबाद, डुमरियागंज, संतकबीरनगर के अलावा यूपी की सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, बस्ती, लालगंज, आज़मगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही सीट पर वोट डाले जाएंगे।
सोमवार को कांग्रेस ने दिल्ली की सात में से छह सीटों पर भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित को उत्तर पूर्व दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है। यहां से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी उम्मीदवार हैं। वहीं पश्चिम दिल्ली से महाबल मिश्रा, उत्तर पश्चिम दिल्ली से राजेश लिलोठिया, नई दिल्ली से अजय माकन, पूर्वी दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली और चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल को टिकट मिला है।
देश में 17वीं लोकसभा के लिए 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरण में चुनाव हो रहा है। पहले दो चरण के लिए वोट डाले डाले जा चुके हैं। तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को मतदान है। 23 मई को नतीजों का ऐलान होगा।
क्लिक कर पढ़ें- उत्तर प्रदेश की सभी सीटों से जुड़ी लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications