लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका, अब इस दिग्गज ने छोड़ी पार्टी, खड़गे को लिखा तीखा पत्र
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह पर पार्टी के रुख सहित कई कारणों का हवाला देते हुए सोमवार को पार्टी से अपना इस्तीफा दे दिया।
साथ ही अर्जुन मोढवाडिया ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को तीखा पत्र लिखा है। उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण अस्वीकार करने के पार्टी के फैसले पर गहरी निराशा व्यक्त की और कहा कि इससे देश के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में कहा कि प्रभु राम सिर्फ हिंदुओं के लिए पूजनीय नहीं हैं, बल्कि वह भारत की आस्था हैं। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का निमंत्रण अस्वीकार करने से भारत के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। एक पार्टी लोगों की भावनाओं का आकलन करने में विफल रही है।
इस पवित्र अवसर को और अधिक विचलित करने और अपमानित करने के लिए राहुल गांधी ने असम में हंगामा खड़ा करने का प्रयास किया। जिससे हमारी पार्टी के कार्यकर्ता और भारत के नागरिक और नाराज हो गए।
कांग्रेस से इस्तीफे के बाद अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि जब कोई पार्टी लोगों से अपना संपर्क खो देती है तो वह लंबे समय तक टिक नहीं पाती है। देश की जनता चाहती है कि राम मंदिर का निर्माण हो। कांग्रेस ने भी ये फैसला किया था कि सुप्रीम कोर्ट का संवैधानिक फैसला, हम इसका समर्थन करेंगे। तब भी प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया गया था।
मैंने तब भी आवाज उठाई थी कि इससे जनभावना आहत होगी और हमें ऐसे राजनीतिक फैसले नहीं करने चाहिए और उस फैसले ने दिखाया लोगों से जुड़ाव की कमी। मैंने कई अन्य मामलों में अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन मैं सफल नहीं हो सका। आखिरकार, मैंने आज इस्तीफा देने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें- जुबानी जंग! 'संघ परिवार से मोदी परिवार तक'...लालू यादव के तंज पर कांग्रेस और बीजेपी में तकरार












Click it and Unblock the Notifications