शत्रुघ्न सिन्हा बोले- कोई सिचुएशन हो, चुनाव पटना साहिब से ही लडूंगा
नई दिल्ली। बिहार की पटना साहिब सीट से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि वो अपनी सीट नहीं बदलने वाले हैं। सिन्हा ने साफ किया है कि कोई सिचुएशन हो वो पटना साहिब से ही चुनाव लड़ेंगे। सिन्हा ने कहा कि इस सीट पर मेरे चाहने वाले और शुभचिंतक हैं, मैं उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा। पटना साहिब से इस दफा भाजपा ने रविशंकर प्रसाद को टिकट दिया है।

नवरात्रि पर कांग्रेस में होंगे शामिल!
कांग्रेस में शामिल होने को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जल्दी ही वो कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। पत्रकारों से बातचीत में सिन्हा ने कहा कि नवरात्रि पर वो अच्छी खबर देंगे। पटना साहिब से इस बार भाजपा के टिकट पर लड़ रहे रविशंकर प्रसाद पर सिन्हा ने कोई टिप्पणी ना करते हुए उन्हें अच्छा आदमी बताया और चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं। पटना साहिब सीट पर गठबंधन में खींचतान को लेकर कहा कि लालू यादव और सभी दूसरे नेता उनके साथ हैं।

फिलहाल टली सिन्हा की कांग्रेस में एंट्री
शत्रुघ्न सिन्हा की कांग्रेस में एंट्री को लेकर आज (गुरुवार) घोषणा होनी थी। वो राहुल गांधी से मिले भी लेकिन बताया गया है कि उनकी एंट्री फिलहाल इस हफ्ते के लिए टल गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर गुरुवार को कांग्रेस एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली थी। उनका पटना साहिब से उम्मीदवार बनना था तय माना जा रहा है लेकिन बताया गया है कि कांग्रेस और राजद के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनातनी के चलते ये प्रेस कॉन्फ्रेंस टाली गई है।

2014 के बाद से ही शत्रुघ्न सिन्हा के भाजपा से रिश्ते खराब
भारतीय जनता पार्टी के सबसे पुराने नेताओं में शामिल और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री रहे शत्रुघ्न सिन्हा के मौजूदा सरकार और भाजपा नेतृत्व से रिश्ते सहज नहीं रहे हैं। वो लगातार सरकार और पार्टी को निशाने पर लेते रहे और विपक्षी पार्टियों के मंचों पर जाते रहे हैं। ऐसे में ये तय माना जा रहा था कि आगामी चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार नहीं होने वाले हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने हाल ही में ट्वीट कर कहा था कि मोहब्बत करने वाले कम न होंगे, अब तेरी महफिल में लेकिन हम न होंगे। इसे उनके भाजपा छोड़ने के तौर पर ही देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications