यूपी: दिग्गज भाजपा सांसद सपा में शामिल, अखिलेश ने दिया लोकसभा का टिकट
Recommended Video

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद से बीजेपी सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। यही नहीं समाजवादी पार्टी ने श्यामाचरण गुप्ता को बांदा लोकसभा सीट से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है। श्यामाचरण गुप्ता पहले भी बांदा लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी से सांसद रह चुके हैं। इस बार बांदा लोकसभा सीट पर 6 मई को मतदान किया जाएगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में बांदा सीट बीजेपी के खाते में आई थी।

बीजेपी सांसद श्यामा चरण गुप्ता को सपा ने दिया बांदा से टिकट
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में श्यामाचरण गुप्ता का नाम शामिल है। श्यामाचरण गुप्ता बीजेपी सांसद हैं, 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने इलाहाबाद लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार जिस तरह से समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का उत्तर प्रदेश में महागठबंधन हुआ है, उसको देखते हुए श्यामाचरण गुप्ता ने चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी में वापसी कर ली है।
श्यामा चरण गुप्ता पहले भी रहे हैं सपा से सांसद
सांसद रहने का बावजूद श्यामाचरण गुप्ता लगातार अपनी पार्टी यानी बीजेपी से अलग राय रखते नजर आए थे। ऐसे में ये माना जा रहा था कि बीजेपी आलाकमान इस बार लोकसभा चुनाव में श्यामाचरण गुप्ता का टिकट कट सकता है। इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर एसपी का दामन थाम लिया। श्यामाचरण गुप्ता पहले भी समाजवादी पार्टी से सांसद रहे हैं। ऐसे में उनके सपा में लौटने के साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें बांदा लोकसभा सीट से उम्मीदवार भी घोषित कर दिया।

यूपी में बीजेपी को चुनाव से पहले बड़ा झटका
बता दें कि बांदा सीट में 6 मई को मतदान किया जाएगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में यह सीट बीजेपी के खाते में आई थी। श्यामाचरण गुप्ता ने इलाहाबाद के साथ ही बांदा में भी काफी सक्रिय रहे हैं। समाजवादी पार्टी के टिकट पर वो बांदा से सांसद रह चुके हैं। श्यामा चरण गुप्ता से पहले बहराइच से सांसद सावित्रीबाई फुले ने भी बीजेपी छोड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने कांग्रेस में एंट्री ली थी और कांग्रेस पार्टी ने उनको बहराइच सुरक्षित सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को भी उम्मीदवारों की दो सूची जारी की थी। एक सूची में चार प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया था, वहीं दूसरी सूची में गाजियाबाद सीट से सुरेंद्र कुमार 'मुन्नी' का नाम था।












Click it and Unblock the Notifications