मिनिमम आय के वादे के बाद राहुल का नया नारा- कांग्रेस की नयी पहल, बेहतर भारत, बेहतर कल
नई दिल्ली। कांग्रेस की ओर से सत्ता में आने पर न्यूनतम आय गारंटी का ऐलान करने के बाद नया नारा दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर ये नारा दिया है। राहुल ने ट्वीट किया, कांग्रेस की नयी पहल, बेहतर भारत! बेहतर कल। सबको न्याय, सबको सम्मान नहीं बनने देंगे दो हिन्दुस्तान। भाजपा की ओर से हाल ही में मोदी है तो मुमकिन है का नारा दिया गया है, अब कांग्रेस ने भी नया नारा दिया है।
कांग्रेस ने किया है बड़ा ऐलान
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को न्यूनतम आय गांरटी योजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है। लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि कांग्रेस सत्ता में आती है तो इस स्कीम के तहत देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को 72 हजार रुपए सालाना देगी। उन्होंने बताया कि हर परिवार की आय कम से कम 12 हजार रुपए प्रति माह सुनिश्चित की जाएगी। किसी परिवार की आय 12 हजार से कम है तो सरकार बाकी पैसा देकर 12 हजार महीना की आय सुनिश्चित करेगी। यानी 12,000 से कम आय वाले परिवार इस स्कीम के तहत आएंगे।

भारत ही नहीं दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक योजना
राहुल गांधी ने बताया कि न्यूनतम गारंटी योजना के तहत 5 करोड़ परिवार और 25 करोड़ लोग सीधे लाभान्वित होंगे। ये पैसा सीधे परिवारों के खाते में जाएगा। राहुल ने कहा, लोग मुझसे पूछते हैं कि मिनिमम आमदनी की लाइन क्या होगी तो मैं बता दूं कि लाइन जो है वो 12,000 रुपए महीने की होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि वो देश की गरीबी को खत्म करना चाहते हैं और इसके लिए वो ये स्कीम लेकर आए हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐतिहासिक स्कीम लेकर आ रही है जो भारत ही नहीं दुनिया के लिए अनोखी होगी। बीते पांच साल से देश का कमजोर आदमी पिस रहा है, ऐसे में कांग्रेस अब इन लोगों को न्याय देगी। नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान के सबसे अमीर लोगों को पैसा दे सकते हैं तो हम देश के सबसे गरीब लोगों को पैसा दे सकती है। देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को सरकार 72000 रुपए देगी।

25 करोड़ लोग गरीबी से निकलेंगे
राहुल गांधी ने कहा कि इस स्कीम पर काफी काम किया है और ये कोई हवा-हवाई वादा नहीं है। हमने मनरेगा लाए और इस पर काम करके दिखाया। ऐसे ही इसे भी करके दिखाएंगे। मनरेगा में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला, इस स्कीम से 25 करोड़ लोगों को गरीब से निकाला जाएगा। राहुल ने कहा कि बेहद कम कमा रहा आदमी बिना मदद के गरीबी से नहीं निकल सकता इसलिए सरकार उसकी मदद करेगी।
राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, कांग्रेस हर गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपए देगी












Click it and Unblock the Notifications