पीएम बनने के बाद 5 सालों में पहली बार अयोध्या जाएंगे नरेंद्र मोदी, 1 मई को कर सकते हैं रैली
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के तहत तीन चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज वाराणसी में मेगा रोड शो करेंगे और कल नामांकन दाखिल करेंगे। इस बीच बड़ी खबर आ रही है कि पीएम मोदी एक मई को अयोध्या (Ayodhya) जाएंगे जहां वे एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का पिछले 5 साल में ये पहला अयोध्या दौरा होगा।

पीएम नरेंद्र मोदी जाएंगे अयोध्या
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीएम मोदी एक मई को अयोध्या जाएंगे जहां गोसाईंगंज में वे एक चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं। पीएम मोदी के अयोध्या जाने के सियासी मायने निकाले जा सकते हैं। दरअसल, राम मंदिर का मुद्दा अक्सर चर्चा में रहता है। वहीं, पीएम मोदी अयोध्या दौरे के जरिए आसपास की सीटों को भी साधने की कोशिश कर सकते हैं।

एक मई को कर सकते हैं चुनावी रैली
लंबे समय से अयोध्या का मुद्दा देश की राजनीति का केंद्र रहा है। राम मंदिर को लेकर अयोध्या के साधु-संतों की नाराजगी भी सामने आई है कि बीजेपी नेतृत्व ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कोई पहल क्यों नहीं की। इस मुद्दे पर विहिप और संघ लगातार बीजेपी पर दबाव बनाते रहे हैं। राम मंदिर मुद्दे पर सियासत गरमाती रही है जबकि ये मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। अयोध्या के साधु-संत ये भी मांग करते रहे हैं कि पीएम मोदी को एक बार यहां आना चाहिए।

पीएम बनने के बाद पहली बार अयोध्या जाएंगे नरेंद्र मोदी
वहीं, 5 सालों के कार्यकाल में ये पहला मौका होगा नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री अयोध्या के दौरे पर आएंगे। अयोध्या में पांचवें चरण में 6 मई को मतदान होना है। यूपी की योगी सरकार ने हालांकि अयोध्या को महत्व दिया है। दिवाली के दौरान दीपोत्सव के कार्यक्रम के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने ये संदेश देने की कोशिश भी की है, लेकिन राम मंदिर मुद्दे को लेकर अब साधु-संतों के सब्र का बांध टूटता दिखाई दे रहा है और केंद्र की मोदी सरकार पर इसको लेकर दबाव भी बन रहा है। राम मंदिर का मुद्दा हर चुनावी घोषणा पत्र में रहा है, जबकि पीएम मोदी भी ये कह चुके हैं कि सरकार कोर्ट के फैसले का इंतजार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications