मायावती का भाजपा पर तंज- मोदी पांच साल में चायवाले से चौकीदार हो गए, गजब विकास हुआ है
नई दिल्ली। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भारतीय जनता पार्टी के 'मैं भी चौकीदार' अभियान पर निशाना साधा है। मायावती ने कहा है कि पांच साल पहले मोदी चायवाले थे, इस इलेक्शन में वो चौकीदार हैं। भाजपा के पांच साल में गजब तरक्की हुई है। मायावती ने नरेंद्र मोदी समेत भाजपा नेताओं के ट्विटर पर अपने नाम के साथ 'चौकीदार' जोड़ने पर ये तंज किया है।

'वाकई देश बदल रहा है'
मायावती ने एक और ट्वीट में कहा, सादा जीवन उच्च विचार के विपरीत शाही अंदाज में जीने वाले जिस व्यक्ति ने पिछले लोकसभा चुनाव के समय वोट की खातिर अपने आपको चायवाला प्रचारित किया था, वे अब इस चुनाव में वोट के लिये ही बड़े तामझाम व शान के साथ अपने आपको चोकीदार घोषित कर रहे हैं। देश वाकई बदल रहा है?

भाजपा चला रही 'मैं भी चौकीदार' कैंपेन
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 'चौकीदार चोर है' नारे के जवाब में 'मैं भी चौकीदार' कैंपेन शुरू किया है। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत ज्यादातर बीजेपी नेताओं ने अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ा है। नरेंद्र मोदी ने 2014 के चुनाव प्रचार में कहा था कि मैं देश के धन की चौकीदार की तरह हिफाजत करूंगा। कुछ समय पहले मोदी पर राफेल डील में घपला करने के आरोप लगे तो कांग्रेस नेताओं ने उन्हें निशाना बनाते हुए 'चौकीदार चोर है' का नारा दिया है।

भाजपा पर हमलावर मायावती
मायावती की पार्टी बसपा इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। मायावती लगातार भाजपा और कांग्रेस पर हमलावर हैं। मायावती लगातार भाजपा को वादाखिलाफी करने वाली और दलितों के हितों के खिलाफ काम करने वाली पार्टी कह रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications