कन्हैया कुमार ने नामांकन से पहले शेयर की ये खास तस्वीरें, बोले- माओं का आशीर्वाद लेकर निकला हूं
नई दिल्ली। सीपीआई के उम्मीदवार कन्हैया कुमार आज (मंगलवार) बेगूसराय से अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं। कन्हैया के नामांकन में फिल्म जगत से जुड़े लोग और जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से भी छात्र पहुंचे हैं। नामांकन के लिए जाने से पहले कन्हैया ने अपनी और जेएनयू से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए छात्र नजीब की मां के साथ फोटो शेयर करते हुए कहा कि मांओं की दुआओं के साथ नामांकन के लिए निकल रहा हूं।
'हम लगातार कोशिश करें तो जीत ज़रूर मिलती है'
नामांकन के लिए निकलने से पहले कन्हैया ने ट्वीट किया, माँओं के आशीर्वाद और दुआओं के साथ नामांकन के लिए निकल रहा हूँ। यह सीख उनसे ही मिली है कि लक्ष्य चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो अगर हम लगातार कोशिश करें तो जीत ज़रूर मिलती है। और यह भी कि पूरी दुनिया के दुख-दर्द को अपना दुख-दर्द समझना ही इंसान होने की पहली शर्त है।
एक और ट्वीट में कन्हैया ने राष्ट्रकवि दिनकर को नमन करते हुए अपनी तस्वीर शेयर कर लिखा, राष्ट्रकवि दिनकर की धरती नफरत फैलाकर सियासत करने वालों को कभी पनपने नहीं देगी। उन्हीं के शब्दों में - "जब तक मनुज-मनुज का यह / सुख भाग नहीं सम होगा / शमित न होगा कोलाहल / संघर्ष नहीं कम होगा।''

जेएनयू से भी पहुंचे हैं छात्र
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके कन्हैया कुमार के नामांकन में जेएनयू के भी छात्र पहुचे हैं। कन्हैया ने ट्वीट कर इसके लिए शुक्रिया भी कहा है। कन्हैया ने ट्वीट किया, 'अम्मा फ़ातिमा नफ़ीस, जिग्नेश, शेहला, गुरमेहर समेत उन तमाम साथियों का शुक्रिया जो संविधान और लोकतंत्र को बचाने के संघर्ष को मज़बूत करने के लिए बेगूसराय आए हैं। जहाँ देखो वहाँ हमारे साथी लाल झंडों के साथ नज़र आ रहे हैं। एकजुटता का ऐसा भव्य नज़ारा सबमें जोश भर रहा है।' इन लोगों के अलावा गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी, अभिनेत्री स्वरा भास्कर, जावेद अख्तर और जेएनयू से कई छात्रनेता नामांकन में पहुंचे हैं।
क्लिक कर पढ़ें बेगूसराय लोकसभा सीट का चुनावी इतिहास

राजद और भाजपा उम्मीदवार से मुख्य मुकाबला
बेगूसराय सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कन्हैया कुमार का मुकाबला बीजेपी के गिरिराज सिंह हैं और राजद के डॉ तनवीर हसन से है। इस सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। गिरिराज सिंह और तनवीर हसन पहले ही अपना नामांकन कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications