दिग्विजय सिंह के लिए 'हठ योग' कर मुश्किल में घिरे कंप्यूटर बाबा, FIR दर्ज
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश ( Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल में पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) की जीत के लिए 'हठ योग' करने वाले कंप्यूटर बाबा मुश्किलों में घिर गए हैं। दिग्विजय सिंह के लिए चुनाव प्रचार करने के मामले में कंप्यूटर बाबा के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन (Model Code of Conduct) का मामला दर्ज किया गया है। कंप्यूटर बाबा ने भोपाल में दिग्विजय सिंह के समर्थन में रोड शो भी किया था।

कंप्यूटर बाबा पर आरोप है कि आदर्श आचार संहिता की शर्तों का उल्लंघन करते हुए उन्होंने हवन-पूजन किया और रोड शो निकालकर दिग्विजय सिंह के पक्ष में प्रचार किया। भोपाल में कंप्यूटर बाबा की अगुआई में संतों ने हठ योग का आयोजन किया था, जिसपर जिला कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए थे। इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
कंप्यूटर बाबा ने कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में एक रोड शो किया था। वहीं, आयोजन स्थल पर दिग्विजय सिंह के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए थे। आयोजन स्थल लगे एक बोर्ड पर लिखा था- दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हजारों संतों का हठयोग।
भोपाल में चुनाव के दौरान हिंदुत्व का मुद्दा जोरों पर रहा और इस कार्यक्रम को दिग्विजय सिंह का काउंटर माना जा रहा था। कंप्यूटर बाबा ने इस दौरान कहा था कि बीजेपी सरकार पांच साल में राम मंदिर भी नहीं बना पाई। अब राम मंदिर नहीं तो मोदी नहीं। बता दें कि भोपाल की हाईप्रोफाइल सीट पर बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा तो वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर भरोसा जताया। भोपाल में पांचवें चरण के दौरान 12 मई को मतदान हुआ था।
ये भी पढ़ें: क्या कहता है भोपाल लोकसभा सीट का समीकरण












Click it and Unblock the Notifications