एग्जिट पोल को लेकर दिग्विजय सिंह का बड़ा दावा, बताई एमपी में कांग्रेस की सीटें
एग्जिट पोल के नतीजों से उलट दिग्विजय सिंह ने चुनाव परिणाम को लेकर एक बड़ा दावा कर दिया है।
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) परिणाम का पिटारा खुलने से पहले जारी हुए एग्जिट पोल (Lok Sabha Exit Polls 2019) के नतीजों ने देश के सियासी पारे को एक बार फिर बढ़ा दिया है। ज्यादातर एग्जिट पोल में एनडीए (NDA Govt) को स्पष्ट बहुमत मिलने के संकेतों के बाद दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के नेता दावा कर रहे हैं कि केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार (Narendra Modi) बनने जा रही है हालांकि विपक्ष का कहना है कि वास्तविक चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के नतीजों से बिल्कुल उलट होगा और इस बार एनडीए की सरकार नहीं बनेगी। इस बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर एक बड़ा दावा किया है।
दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल को लेकर क्या कहा
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, 'एग्जिट पोल के नतीजों ने बिल्कुल 2004 के लोकसभा चुनाव वाली स्थिति बना दी है। मैं किसी सर्वे पर भरोसा नहीं करता, 23 मई को सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मैं अगर मध्य प्रदेश की बात करूं तो कांग्रेस पार्टी यहां 14 से 17 सीटों पर जीत हासिल कर रही है। इस बार मैं मध्य प्रदेश से बाहर नहीं गया इसलिए देश में कांग्रेस कितनी सीटें जीतेगी, इस पर कुछ नहीं कह सकता। भोपाल सीट भी कांग्रेस के खाते में ही जा रही है।' आपको बता दें कि 2004 के एग्जिट पोल में नतीजे पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनने के पक्ष में थे, हालांकि जब चुनाव परिणाम आया तो यूपीए की सरकार बनी। मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं और 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यहां 27 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस को महज 2 सीटें ही मिलीं थी।
ये भी पढ़ें- इस एग्जिट पोल में नहीं बन रही 'मोदी सरकार', BJP को यूपी में सबसे बड़ा घाटा
क्या कहते हैं एग्जिट पोल
गौरतलब है कि ज्यादातर एग्जिट पोल में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ नजर आ रहा है। अलग-अलग एग्जिट पोल की अगर बात करें तो इंडिया टुडे एक्सिस एग्जिट पोल में एनडीए को 339-365 सीटें, न्यूज 24 चाणक्य एग्जिट पोल में एनडीए को 350 सीटें, सीएनएन-न्यूज 18 IPSOS में 336 सीटें, एबीपी न्यूज नीलसन एग्जिट पोल में एनडीए को 277 सीटें, इंडिया टीवी सीएनएक्स एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 300 सीटें, रिपब्लिक सी वोटर के एग्जिट पोल में एनडीए को 287 सीटें, न्यूज नेशन चैनल के एग्जिट पोल में 282 से 290 सीटें और टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 306 सीटों पर जीत मिल सकती है।
लेकिन इस सर्वे में नहीं बन रही मोदी सरकार
हालांकि इन सभी एग्जिट पोल से अलग एक एग्जिट पोल ऐसा भी है, जो भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को पूर्ण बहुमत नहीं दे रहा है। इस एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक भाजपा को सबसे ज्यादा नुकसान उत्तर प्रदेश में है, जहां उसकी 50 फीसदी से भी ज्यादा सीटें कम हो रही हैं। Neta-NewsX एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, देश की 542 लोकसभा सीटों (एक सीट पर अभी चुनाव होना बाकी है) में से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए 242 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है, जोकि बहुमत के जादुई आंकड़े 272 से 30 सीटें कम है। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूपीए 164 सीटों पर जीत दर्ज करता हुआ नजर आ रहा है।
यूपी में महागठबंधन को 43 सीटें
इस एग्जिट पोल के नतीजों को मानें तो उत्तर प्रदेश में 43 सीटें सपा (20 सीट), बसपा (22 सीट) और आरएलडी (एक सीट) महागठबंधन के खाते में जा सकती हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपी में 73 सीटों पर जीत हासिल करने वाला एनडीए इस बार महज 33 सीटों पर सिमटता हुआ नजर आ रहा है। इस हिसाब से यूपी में भाजपा को बड़ा नुकसान हो रहा है। वहीं, यूपी में लोकसभा की 4 सीटें कांग्रेस को मिल सकती हैं। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, 2019 के लोकसभा चुनाव में किसी भी पार्टी या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है। इस स्थिति में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), बीजू जनता दल (बीजेडी), तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और यूपी का महागठबंधन (SP BSP Mahagathbandhan) किंगमेकर की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
ये भी पढ़ें- Exit Poll 2019: 'अबकी बार किसकी सरकार', न्यूज नेशन ने जारी किए एग्जिट पोल के नतीजे