बीजेपी 440 वोल्ट की तरह देश के लिए सबसे बड़ा खतरा- ममता बनर्जी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि बीजेपी 440 वोल्ट की तरह देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि लोगों को बीजेपी को खारिज कर देना चाहिए तथा उसके पक्ष में वोट देने से परहेज करना चाहिए। ममता ने हुगली जिले के पांडुआ में हुगली लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार रत्ना डे नाग के पक्ष में एक चुनावी रैली में कहा, ''मैं आश्वासन देती हूं कि यदि तृणमूल सत्ता में आती है तो देश का कोई नुकसान नहीं होगा।''

उन्होंने कहा, ''बीजेपी और नरेंद्र मोदी यदि दूसरी बार सत्ता में आए तो वे देश को बर्बाद कर देंगे। बीजेपी 440 वोल्ट की तरह देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है।'' उन्होंने कहा कि यह चुनाव बीजेपी सरकार को हटाने के लिए हो रहा है। हावड़ा जिले के जॉयपुर और पांचला में अपने पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए ममता ने कहा कि मोदी सरकार पिछले पांच सालों में जनकल्याण और देश के भविष्य के लिए कुछ भी करने में पूरी तरह विफल रही है।
ममता बनर्जी ने सवाल किया कि धर्म के नाम पर देश को बांटने के लिए उतारू बीजेपी कैसे सत्ता में लौटने की हसरत पाल सकती है। उन्होंने कहा, "बीजेपी कैसे यह दावा कर सकती है कि वह हिंदुओं की पार्टी है, बीजेपी के मन में हिंदू धर्म के प्रति कोई सम्मान नहीं है, मोदी की पार्टी देश में दंगे जैसी अशांति पैदा करने के लिए है।" ममता बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने तारकेश्वर, गंगासागर, दक्षिणेश्वर, तारापीठ और कंकालीताला जैसे धर्मस्थलों में ढेर सारा विकास किया है।












Click it and Unblock the Notifications