बिहार की 17 सीटों पर ये हैं भाजपा के उम्मीदवार, इस दिग्गज नेता का टिकट कटा
बिहार की 17 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जानिए किस-किसको मिला टिकट?
नई दिल्ली। बिहार की 39 लोकसभा सीटों पर एनडीए की तरफ से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। बिहार एनडीए में भाजपा और जेडीयू को 17-17 सीटें, जबकि रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी को 6 सीटें दी गईं थी। भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में 39 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करते हुए कहा कि बची हुई एक सीट, जो एलजेपी के खाते में है, उसके उम्मीदवार के नाम की घोषणा बाद में की जाएगी। भाजपा ने अपनी सूची में पार्टी प्रवक्ता और भागलपुर सीट से पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन का टिकट काट दिया है। दरअसल भागलपुर सीट जेडीयू के खाते में चली गई है। जानिए, भाजपा ने 17 सीटों पर किस-किसको दिया टिकट।

ये हैं बिहार में भाजपा के 17 लोकसभा प्रत्याशी
क्रम ----- सीट ----- उम्मीदवार
1 ----- पश्चिमी चंपारण ----- संजय जायसवाल
2 ----- पूर्वी चंपारण ----- राधा मोहन सिंह
3 ----- शिवहर ----- रमा देवी
4 ----- मधुबनी ----- अशोक कुमार यादव
5 ----- अररिया ----- प्रदीप सिंह
6 ----- दरभंगा ----- गोपाल जी ठाकुर
7 ----- मुजफ्फरपुर ----- अजय निषाद
8 ----- महाराजगंज ----- जनार्दन सिहं
9 ----- सारण ----- राजीव प्रताप रुड़ी
10 ----- उजियारपुर ----- नित्यानंद राय
11 ----- बेगूसराय ----- गिरिराज सिंह
12 ----- पटना साहिब ----- रविशंकर प्रसाद
13 ----- पाटलिपुत्र ----- राम कृपाल यादव
14 ----- आरा ----- आरके सिंह
15 ----- बक्सर ----- अश्विनी कुमार चौबे
16 ----- सासाराम ----- छेदी पासवान
17 ----- औरंगाबाद ---- सुशील कुमार सिंह

गिरिराज को बेगूसराय सीट से टिकट
आपको बता दें कि बिहार में भाजपा ने पटना साहिब सीट से शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट काटते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। शत्रुघ्न सिन्हा कई मौकों पर केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोल चुके हैं। उम्मीदवारों की घोषणा से पहले ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा उनका टिकट काट सकती है। माना जा रहा है कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस या आरजेडी के टिकट पर इसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं, नवादा लोकसभा सीट से टिकट कटने के बाद पार्टी से नाराज चल रहे गिरिराज सिंह को भाजपा ने बेगूसराय सीट से टिकट दिया है। दरअसल नवादा सीट जेडीयू के खाते में चली गई है।

निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी प्रदेश उपाध्यक्ष पुतुल कुमारी?
गौरतलब है कि बिहार एनडीए के बीच हुए सीटों के बंटवारे में लोकसभा की ऐसी कई सीटें जेडीयू और एलजेपी के खाते में चली गई हैं, जिनपर 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की थी। नवादा के बजाय बेगूसराय से टिकट मिलने पर जहां गिरिराज सिंह नाराज चल रहे थे, तो वहीं खबर है कि पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन के समर्थक भी उनका टिकट कटने से नाराज हैं। इसी तरह बांका लोकसभा सीट जेडीयू के खाते में जाने से बिहार भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष पुतुल कुमारी भी नाराज बताई जा रही हैं और खबर है कि वो इस सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications