भदोही की कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, प्रियंका पर लगाया अपमान करने का आरोप
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की कांग्रेस अध्यक्ष डॉ नीलम मिश्रा ने शनिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। नीलम मिश्रा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर अपमान करने का आरोप लगाते हुए पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ एक जिला महासचिव समेत पांच और पदाधिकारियों ने भी इस्तीफा दिया है।

नीलम मिश्रा का कहना है कि कांग्रेस ने भदोही में भाजपा से आए रमाकांत यादव को चुनाव लड़ाया है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। प्रियंका यहां रैली के लिए आईं तो एक मीटिंग में उनको इसकी जानकारी। मैंने उन्हें बताया कि रमाकांत के लड़ने से पार्टी को नुकसान हुआ है। इस पर प्रियंका नाराज हो गईं और बात सुनने की बजाय मेरे लिए अपमानजनक बातें कहीं। इसके बाद पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं बनता है।
भारतीय जनता पार्टी ने भदोही की कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीलम मिश्रा के इस्तीफे पर कहा है कि यही कांग्रेस की असली मानसिकता है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़ी क्योंकि उनके साथ प्रियंका गांधी ने बदतमीजी से बात की, ये दिखाता है कि वो कैसे अपने कार्यकर्ताओं से बात करते हैं। ये वो लोग हैं जो प्यार की बात करते घूम रहे हैं।
बता दें कि भदोही से कांग्रेस ने रामाकांत यादव को उतारा है। रमाकांत ने पिछला लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर आजमगढ़ से लड़ा था। वो मौजूदा चुनाव से कुछ समय पहले ही भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए थे। भदोही में 12 मई को चुनाव हुआ है। यहां गठबंधन से रंगनाथ मिश्रा और भाजपा से रमेश बिंद चुनाव लड़ रहे हैं।
पढ़ें- उत्तर प्रदेश की सभी सीटों से जुड़ी लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications