Lok Sabha Election: कौन हैं मैसुरु के 'राजा' यदुवीर वाडियार? जिन्हें BJP ने चुनावी रण में उतारा
Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 72 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया है।
जिसमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि कर्नाटक की मैसूरु लोकसभा सीट से बीजेपी ने इस बार एक पूर्व शाही मैसूरु परिवार के वंशज को चुनावी रण में उतारा है। प्रताप सिम्ह का टिकट काट दिया गया है। सियासी गलियारों में मैसूरु परिवार के वंशज का नाम पहले से चर्चा में बना हुआ था। आइए जानते हैं कौन हैं ये वंशज?

कौन हैं मैसूरु परिवार के वंशज ?
मैसूरु लोक सभा सीट से बीजेपी ने यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को चुनावी रण में उतारा है। यह मैसूरु के 25वें और आखिरी शासक महाराजा यदुवीर जयरामचंद्र वाडियार के पोते हैं। इनका पालन-पोषण चाचा श्रीकांतदत्त वाडियार की पत्नी प्रोमोदा देवी वाडियार ने किया है। उन्होंने यदुवीर को गोद लिया था। यदुवीर ने अपनी स्कूली शिक्षा बेंगलुरु के विद्यानिकेतन स्कूल से की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के मैसाचुसेट्स यूनिवर्सिटी चले गए। उनके पास अंग्रेजी साहित्य और अर्थशास्त्र में डिग्री है। यदुवीर के लिए चुनाव लड़ने का यह पहला मौका है और बीजेपी ने उन्हें महत्वपूर्ण मैसूर क्षेत्र से मैदान में उतारने का फैसला किया है, जहां शाही परिवार की बहुत अच्छी प्रतिष्ठा है।
चाचा भी राजनीति में आजमा चुके हैं ताकत
यदुवीर के चाचा श्रीकांतदत्त वाडियार भी पहले कांग्रेस के टिकट पर मैसूर से चुनाव लड़े थे और उसी लोकसभा सीट से चार बार जीते थे। हालांकि, 1991 में जब उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा तो वह हार गए। 2003 में भी वह कांग्रेस के टिकट पर दोबारा हार गए।
80 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
महामहिम यदुवीर की 2016 में डूंगरपुर की राजकुमारी त्रिशिका से शादी हुई। उनका एक बेटा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2020 तक उनकी कुल संपत्ति 80 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है। जिसमें अधिकांश जमीन और पूर्वजों की संपत्ति है। इन्हें एशिया के अमीर परिवारों में से एक गिना जाता है।
प्रताप सिम्हा का कटा टिकट
वहीं, बीजेपी ने सांसद प्रताप सिम्हा का टिकट काटकर यदुवीर पर भरोसा जताया है। मैसूर-कोडगु की सीट से सांसद प्रताप सिम्हा इस क्षेत्र में अपनी सीट नहीं बचा सके। सिम्हा, जो पिछले साल नई दिल्ली में संसद सुरक्षा उल्लंघन की घटना के बाद चर्चा में थे, उन्हें अपनी सीट बरकरार रहने की उम्मीद थी, क्योंकि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए किए गए काम पर भरोसा था। हालांकि, उन्होंने कहा कि जो भी मैसूर-कोडगु सीट से बीजेपी से चुनाव लड़ेगा, वह उसे अपना समर्थन देंगे।
सूची की घोषणा के बाद सिम्हा ने कहा कि उन्होंने यदुवीर को फोन किया और उन्हें बधाई दी। मैंने यदुवीर को अपनी शुभकामनाएं दीं, जो मैसूरु-कोडगु से चुनाव लड़ेंगे। मैं अगले दो दिनों में बीजेपी के लिए प्रचार शुरू करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications