Election 2024: 'अगर PM सहमत हों तो...',राहुल गांधी ने चुनाव पर खुलकर बहस का निमंत्रण स्वीकारा
लोकसभा चुनाव के अब तक तीन चरण पूरे हो चुके हैं। अब आगामी चार चरणों को लेकर सभी राजनीति दल अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हैं। इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को लोकसभा चुनाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सार्वजनिक बहस का निमंत्रण औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया।
यह निमंत्रण सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मदन बी लोकुर, उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एपी शाह और वरिष्ठ पत्रकार एन राम की ओर से भेजा गया है। तीनों ने पत्र लिखकर पीएम मोदी और राहुल गांधी को 2024 के चुनावों के प्रमुख मुद्दों पर सार्वजनिक बहस के लिए आमंत्रित किया। आइए जानते हैं क्या लिखा पत्र में ?

9 मई को लिखे पत्र में प्रत्येक पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रत्यारोपों का उल्लेख किया गया है और कहा गया है कि हमारा मानना है कि गैर-पक्षपातपूर्ण और गैर-व्यावसायिक मंच पर सार्वजनिक बहस के माध्यम से हमारे राजनीतिक नेताओं से सीधे सुनने से नागरिकों को काफी लाभ होगा।
राहुल गांधी क्या बोले?
एक दिन बाद, राहुल गांधी ने बहस के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए वापस लिखा और कहा कि या तो वह खुद या कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे भाग लेगे।
उन्होंने कहा कि मैंने आपके निमंत्रण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से चर्चा की है। हम इस बात से सहमत हैं कि इस तरह की बहस से लोगों को हमारे संबंधित दृष्टिकोण को समझने में मदद मिलेगी और वे एक सूचित विकल्प चुनने में सक्षम होंगे। हमारी संबंधित पार्टियों पर लगाए गए किसी भी निराधार आरोप पर लगाम लगाना भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव लड़ने वाली प्रमुख पार्टियों के रूप में, जनता सीधे अपने नेताओं से सुनने की हकदार है। तदनुसार, या तो मुझे या कांग्रेस अध्यक्ष को ऐसी बहस में भाग लेने में खुशी होगी। राहुल गांधी ने कहा कि बहस के विवरण और प्रारूप पर 'यदि प्रधानमंत्री भाग लेने के लिए सहमत हों तो' चर्चा की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications