Lok Sabha Chunav: 'मैं हाथ जोड़कर...', सिद्दरमैया को मुख्यमंत्री की कुर्सी क्यों लग रही है असुरक्षित?
Karnataka Lok Sabha Election 2024: कर्नाटक सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं को लेकर अटकलें फिर से तेज हो गई हैं। इसकी वजह खुद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार है। कांग्रेस के दोनों नेता जिस तरह के संकेत दे रहे हैं,उससे लगता है कि लोकसभा चुनाव के बाद यहां सीएम बदलने की स्थिति पैदा हो सकती है।
सोमवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने अपनी वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से कहा है कि उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार को कम से कम 60 हजार वोटों से जिताना है, ताकि उनकी मुख्यमंत्री की कुर्सी उन्हीं के पास रह सके।

सिद्दारमैया ने लगाई वरुणा के वोटरों से गुहार
सिद्दारमैया ने कहा, '2019 में ध्रुवनारायण (कांग्रेस प्रत्याशी) सिर्फ 1,817 मतों से हार गए...इस बार विधानसभा चुनाव में आपने मुझे 48,000 वोटों से जिताया (वरुणा में)। क्या आप इतनी ही या इससे भी बड़ी जीत अब दिलवाएंगे? कम से कम 60,000 वोटों की....'
एक जनसभा में कर्नाटक के सीएम ने कहा, 'वरुणा में आप मुझे और (एचसी) महादेवप्पा (मंत्री) को जानते हैं। मैं आपका प्रतिनिधि हूं, यतींद्र (मेरा बेटा) यहां (वरुणा) से पूर्व एमएलए है। जब हम सारे लोग यहां है, यहां से बड़ी जीत होनी चाहिए, कम से कम 60,000 वोटों से।'
'मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं'
वे बोले, 'अगर आप 60,000 वोटों के अंतर से (कांग्रेस प्रत्याशी को) जिताते हैं, मुझे खुशी होगी। कोई मुझे छू नहीं पाएगा। क्या मुझे (मुख्यमंत्री) रहना चाहिए या नहीं? इसलिए मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं.....जीतने के बाद मैं आपको धन्यवाद कहने आऊंगा।'
सिद्दारमैया की वरुणा विधानसभा सीट चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के दायरे में आती है, जहां से कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के मंत्री महादेवप्पा के बेटे सुनील बोस को टिकट दिया है। एक तरफ सिद्दारमैया अपने इलाके के वोटरों से अपनी कुर्सी बचाने की अपील कर रहे हैं तो दूसरी तरफ शिवकुमार ऐसे संकेत दे रहे हैं, जो सीएम की चिंता को बढ़ा रहा है।
आपकी इच्छा गलत नहीं होगी- मांड्या के वोटरों से बोले शिवकुमार
मांड्या में अपने वोक्कालिगा समुदाय के गढ़ में डीके शिवकुमार ने कांग्रेस पार्टी के लिए वोट मांगते हुए कहा है, 'मैं आपसे कहना चाहता हूं कि मुझे ध्यान में रखते हुए, आपने मांड्या जिले में ज्यादा सीटें (विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को) दीं। आपकी इच्छा गलत नहीं होगी। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनावों में 8 वोक्कालिगा उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं।
विधानसभा चुनावों के दौरान वे अपने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा सार्वजनिक रूप से जाहिर कर चुके हैं। पिछले साल मई में जब कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी, तब सिद्दारमैया और शिवकुमार की सीएम पद पर दावेदारी की वजह से कांग्रेस आलाकमान के पसीने छूट गए थे। बाद में किसी तरह से पार्टी ने शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों पद देकर राजी किया था।
अब जिस तरह से उन्होंने अपनी जाति के लोगों से कहा है कि 'आपकी इच्छा गलत नहीं होगी' उससे उनके बयान का महत्त्व बढ़ गया है और मुख्यमंत्री की अपनी कुर्सी को लेकर असहजता का यही कारण हो सकता है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications