कहीं पोलिंग बूथ बना शादी का मंडप, तो कहीं बंदरों ने रुकवाया मतदान, फेज-2 में हुई कई अजीबो-गरीब घटनाएं
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को खत्म हुआ। 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) के 88 लोकसभा सीटों पर वोटिंग के दौरान कुछ अजीबो-गरीब घटनाएं हुईं।
मैसूर का मतदान केंद्र शादी के मंडप की तरह सजाया गया था। तो वहीं ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में बंदरों ने इतना उत्पात मचाया कि मतदान रोकना पड़ा। वहीं चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के हनूर तालुक में एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें ही नष्ट हो गईं। वहीं कई लोग दूल्हा और दुल्हन के ड्रेस में वोटिंग करने गए थे।

मतदान केंद्र है या शादी का मंडप? मैसूर का पोलिंग बूथ चर्चा में
भारत में चुनाव लोकतंत्र का त्योहार है। इस लोकतांत्रिक भावना को जगाने के लिए चुनाव अधिकारी तरह-तरह की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में मैसूर में एक मतदान केंद्र को पारंपरिक दक्षिण भारतीय शादी के मंडप की तरह सजाया गया था।
वहीं चुनाव अधिकारी पोलिंग बूथ पर दक्षिण भारतीय शादी की पोशाक में नजर आ रहे थे। उन्होंने धोती और सफेद कुर्ता और माथे पर पगड़ी पहनी थी। ये नजारा देखने लायक था। मतदान केंद्र के एंट्री गेट पर लिखा थाा, "आइए लोकतंत्र का त्योहार मनाएं। बिना चूके आएं और अपना वोट डालें।"
ग्रेटर नोएडा में बंदरों का उत्पात, रोकना पड़ा मतदान!
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में बंदरों ने पोलिंग बूथ 556 पर इतना उत्पात मचाया कि अचानक वोटिंग रोकनी पड़ी। बंदरों का एक झुंड मतदान केंद्र के अंदर चला गया था। उन्हें अंदर इतनी उथल-पुथल मचाई कि वोटिंग करा रहे कर्मचारी कमरे से निकलकर बाहर आ गए थे।
बड़ी मुश्किल से पुलिस और कर्मचारियों ने बंदरों को वहां से भगाया। इस दौरान 10 मिनट के लिए वोटिंग रोक दी गई थी। बंदरों को भगाने के लिए केले समेत कई तरह के फल दिए गए थे।
चामराजनगर में EVM ही नष्ट गई
चुनाव आयोग के मुताबिक चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के हनूर तालुक में एक मतदान केंद्र पर दो समूहों के बीच झड़प के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) टूट गईं।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक माले महादेश्वरा ग्राम पंचायत की सीमा के भीतर इंडिगनट्टा गांव में मंदरा और इंडिगनट्टा के स्थानीय लोगों के बीच उनके गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर तनाव बढ़ा हुआ था। जबकि मंदारा के ग्रामीण मतदान करने आए, इंडिगानट्टा निवासियों ने मतदान का बहिष्कार किया, जिसके कारण झड़पें हुई।
निर्वाचन अधिकारी (कर्नाटक), वेंकटेश कुमार ने कहा, शुरुआती जांच के मुताबिक ग्रामीणों के दो समूहों के बीच झड़प हुई थी। हालांकि ये विवाद किसी राजनीतिक दल से संबंधित नहीं है। लेकिन उनकी झड़प के दौरान ईवीएम मशीनें नष्ट हो गईं।












Click it and Unblock the Notifications