Lok Sabha Chunav: 33% आरक्षण के बाद महिला उम्मीदवारों की संख्या घटी या बढ़ी? पहले चरण की चौंकाने वाली रिपोर्ट
Lok Sabha Election 2024 Women Candidates in First Phase: पिछले साल ही संसद ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने का विधेयक पास किया है। लेकिन, मौजूदा चुनाव में लगता नहीं कि राजनीतिक दलों पर इस बदलाव कोई प्रभाव पड़ा है। 19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के चुनाव में सिर्फ 8% महिला उम्मीदवार हैं।
2023 के सितंबर में महिला आरक्षण अधिनियम को राष्ट्रपति से भी मंजूरी मिल चुकी है। यह परिसीमन के भरोसे अभी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। लेकिन, चुनाव आयोग की ओर से पहले चरण के चुनाव के सिलसिले में जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उससे राजनीतिक दलों की मंशा सवालों के घेरे में आ सकती है।

पहले चरण में सिर्फ 134 या 8% प्रत्याशी ही महिलाएं
सोमवार को चुनाव आयोग ने जो आंकड़े जारी किए हैं, उसके मुताबिक पहले चरण में कुल 1,625 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से सिर्फ 134 महिला उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रही हैं। बाकी 1,491 उम्मीदवार पुरुष हैं। 19 अप्रैल को पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान होना है।
6 राज्यों में एक भी महिला उम्मीदवार नहीं
पहले चरण में सबसे ज्यादा (16%) अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (12 में से 2 महिला प्रत्याशी) और मिजोरम में महिला उम्मीदवार (6 में से 1 महिला प्रत्याशी) हैं। जबकि, 6 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में इस चरण में एक भी महिला प्रत्याशी नहीं हैं। इनमें जम्मू और कश्मीर, मणिपुर, त्रिपुरा,नागालैंड, लक्षद्वीप और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
2019 के चुनाव में 9% महिला उम्मीदवार
2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 8,054 उम्मीदवारों में 726 प्रत्याशी महिलाएं थीं, जो कि 9% है। 17वीं लोकसभा में कुल 78 महिलाएं चुनी गई थीं और 575 की जमानतें भी नहीं बची थीं। तब टीएमसी ने सबसे ज्यादा 41% महिला उम्मीदवार बनाए थे।
बिहार में 38 में से 3 महिला उम्मीदवार
बिहार में पहले चरण में कुल 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से सिर्फ 3 ही महिला प्रत्याशी हैं। एडीआर की एक रिपोर्ट के मुताबिक पहले चरण में आरजेडी ने बिहार में जितनी महिलाओं को टिकट दिया है, उन सबके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। लेकिन, बीएसपी के सिर्फ 13% महिला प्रत्याशियों के खिलाफ ही आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कहां कितनी महिला उम्मीदवार
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ 1, मद्य प्रदेश में 7, महाराष्ट्र में भी 7, मेघालय में 2, पुडुचेरी में 3, राजस्थान में 12, सिक्किम में 1, उत्तर प्रदेश में 7, उत्तराखंड में 4 और पश्चिम बंगाल में 4 महिला उम्मीदवार पहले चरण में भाग्य आजमाने उतरी हैं।
तमिलनाडु में पहले ही चरण में 19 अप्रैल को सभी 39 सीटों पर चुनाव हो रहा है। यहां कुल 950 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 76 है।












Click it and Unblock the Notifications