मोदी सरकार के पूर्व मंत्री के बेटे ने चुनावों के बीच थामा कांग्रेस का हाथ, पिता का BJP ने काटा था टिकट
Jayant Sinha News: भाजपा के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा के बेटे और दिग्गज नेता यशवंत सिन्हा के पोते आशिर सिन्हा (Aashir Sinha) कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस की झारखंड इकाई ने मंगलवार 14 मई को इसकी जानकारी दी है।
आशिर सिन्हा, ऐसे वक्त में कांग्रेस में शामिल हुए हैं, जब कुछ दिनों पहले ही जयंत सिन्हा को हजारीबाग से भाजपा ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिया था। भाजपा विधायक मनीष जयसवाल अब कांग्रेस के जय प्रकाश भाई पटेल के खिलाफ हजारीबाग से चुनाव लड़ेंगे।

क्यों कांग्रेस में शामिल हुए आशिर सिन्हा?
1998 के बाद यह पहली बार है कि यशवंत सिन्हा के परिवार का कोई सदस्य हजारीबाग से चुनाव नहीं लड़ रहा है। कांग्रेस के एक सूत्र ने कहा, ''यही कारण है कि परिवार का एक सदस्य यशवंत सिन्हा के पारंपरिक वोट बैंक को खींचने के लिए कांग्रेस में शामिल हो गया है।''
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा, जयंत सिन्हा के बेटे आशिर सिन्हा झारखंड कांग्रेस का हिस्सा होंगे और उन्हें कुछ भूमिका दी जाएगी। हालांकि वो क्या काम करने वाले हैं, अभी तक यह तय नहीं हुआ है।''
वहीं भाजपा प्रवक्ता विनय कुमार ने कहा है कि, ''हजारीबाग से जो भी कांग्रेस में शामिल होगा, हमारे लिए कोई समस्या की बात नहीं है। हम सीट जीतेंगे।''
कांग्रेस ने इस सीट से, जिस जय प्रकाश भाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है, उन्होंने हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन था। झारखंड में हजारीबाग लोकसभा सीट पर 20 मई को मतदान होना है।












Click it and Unblock the Notifications