Lok Sabha Election 2024: क्या तिरुवनंतपुरम से चुनाव लड़ेंगे पीएम मोदी? बीजेपी ने कहा केरल में इतिहास रचेंगे
Kerala Lok Sabha Election 2024: बीजेपी केरल में इतिहास रचने को लेकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। गुरुवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कोझिकोड में कहा कि इसकी वजह ये है कि प्रदेश के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना भेदभाव वाले बर्ताव को पसंद करते हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री पिछले दो हफ्तों में दो बार केरल के दौरे पर जा चुके हैं। उनका दूसरा दौरा बुधवार को ही खत्म हुआ है, जब वे दो-दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर केरल में बीजेपी के प्रभारी हैं।

बीजेपी का चुनाव अभियान शुरू हो चुका है
जावड़ेकर का कहना है कि चुनाव में 100 दिन ही रह गए हैं और उनकी पार्टी ने अभी उम्मीदवारों का चयन नहीं किया है, लेकिन पार्टी का चुनाव अभियान शुरू हो चुका है।
इसी के तहत पार्टी की ओर से दीवारों पर पेंटिंग की जा रही है और विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत प्रत्येक मतदाताओं के घरों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है।
भेदभाव नहीं करने की वजह से केरल के लोगों मोदी पसंद- बीजेपी
इस दौरान जावड़ेकर ने केरल में इस बार बीजेपी के इतिहास रचने के आत्मविश्वास का कारण बताते हुए कहा कि 'आत्मविश्वस तो कोई भी दिखा सकता है, लेकिन हमारे पास इसका आधार ये है कि मोदी ने भेदभाव नहीं किया है। केरल के लोगों को मोदी इसलिए पसंद हैं,क्योंकि उन्होंने यूडीएफ और एलडीएफ की तरह भेदभाव नहीं किया है।'
बीजेपी नेता के मुताबिक केरल में पार्टी का एक भी एमएमलए या एमपी नहीं है, लेकिन पीएम मोदी ने हर केरलवासी की चाहे वह किसी भी धर्म, जाति, वंश या पार्टी का हो, सहायता की है।
'केरल में किसी से भी पूछिए, कहेगा- पीएम मोदी हैट्रिक लगाएंगे'
उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीएम की अगुवाई वाली राज्य एलडीएफ सरकार लोगों की पार्टी लाइन देखकर लाभार्थियों को चुनती है, 'मोदी ऐसा नहीं करते हैं।' उन्होंने कहा कि 2019 में केरल में हर कोई सोचता था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।
उनके मुताबिक लेकिन, 'अब आप केरल में किसी से भी पूछिए कि 2024 के चुनावों में पीएम कौन बनेगा और उत्तर बहुत ही साफ है- पीएम मोदी हैट्रिक लगाएंगे। इस स्पष्टता के साथ कई लोग अपने मतदान की सोच बदलने और देश की प्रगति, शांति, समृद्धि और विकास के लिए वोट करने के बारे में सोच रहे हैं...'
केरल में इस बार इतिहास बनाने जा रही है बीजेपी- प्रकाश जावड़ेकर
उन्होंने दावा किया कि 'हम सिर्फ आत्मविश्वास के साथ आगे नहीं बढ़ रहे हैं, बल्कि इस बार केरल में इतिहास बनाने जा रहे हैं।' हालांकि, पीएम मोदी के केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों पर उन्होंने जवाब टाल दिया।
अफवाहों पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकता- बीजेपी नेता
उनके मुताबिक चुनाव से संबंधित मामलों पर पार्टी की चुनाव समिति में फैसला लिया जाता है। उन्होंने कहा, 'जब लिस्ट पर फैसला हो जाएगा तो हम इसकी घोषणा करेंगे। तब आपको भी पता चल जाएगा। मैं अफवाहों पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकता।'
बुधवार को ही संपन्न हुआ है पीएम मोदी का केरल दौरा
बुधवार को संपन्न हुए दो दिवसीय केरल यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी ने कोच्चि में एक विशाल रोड भी किया था। इसके अलावा उन्होंने त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र के दो प्रमुख मंदिरों में पूजा और दर्शन भी किए थे। बीजेपी इस इलाके में अपना जनाधार बढ़ाने में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: PM मोदी ने भगवान राम और राम जन्मभूमि सहित जारी किए 6 डाक टिकट
इस दौरान पीएम मोदी ने त्रिशूर के गुरुवायूर में अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी की बेटी की शादी में भी में हिस्सा लिया। वहां से वे कोच्चि पहुंचे और 4,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया।
यहीं उन्होंने बीजेपी के बूथ-लेवल कार्यक्रताओं के साथ बैठक में भी भाग लिया और उन्हें आने वाले लोकसभा चुनावों में मतदाताओं को प्रेरित करने के मंत्र सिखाए, जिससे की चुनावों में जीत सुनिश्चित की जा सके। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications