Ram Mandir: PM मोदी ने श्रीराम और राम जन्मभूमि सहित जारी किए 6 डाक टिकट,20 देशों के टिकट वाली बुक भी रिलीज
Ayodhya Ram Mandir Postage Stamps: अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम भगवान की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। जिसको लेकर 16 जनवरी से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं, जिसका गुरुवार (18 जनवरी) को तीसरा दिन है। रामलला की नवनिर्मित प्रतिमा गर्भगृह पहुंच गई।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की एक पुस्तक जारी की। डिजाइन के घटकों में राम मंदिर, चौपाई 'मंगल भवन अमंगल हारी', सूर्य, सरयू नदी और मंदिर के आसपास की मूर्तियां शामिल हैं।

पीएम मोदी ने कुल 6 डाक टिकट जारी किए हैं। इनमें राम मंदिर, भगवान गणेश, हनुमान, जटायु, केवटराज और मां शबरी शामिल हैं।
वहीं सूर्य की किरणों और चौपाई की सोने की पत्ती इस लघु शीट को एक राजसी प्रतीक बनाती है। पांच भौतिक तत्व यानी आकाश, वायु, अग्नि, पृथ्वी और जल, जिन्हें 'पंचभूत' के रूप में जाना जाता है, विभिन्न डिजाइन तत्वों के माध्यम से परिलक्षित होते हैं और सभी अभिव्यक्तियों के लिए आवश्यक पंचमहाभूतों का पूर्ण सामंजस्य स्थापित करते हैं।
20 ज्यादा देशों ने जारी किए डाक टिकट
दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों स्टाम्प बुक विभिन्न समाजों पर भगवान राम की अंतर्राष्ट्रीय अपील को प्रदर्शित करने का एक प्रयास है। 48 पन्नों की इस पुस्तक में अमेरिका, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, कनाडा, कंबोडिया और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों सहित 20 से अधिक देशों द्वारा जारी किए गए डाक टिकट शामिल हैं।
मौसम के लिए वेबपेज, 6 भाषाओं में मिलेगा अपडेट
वहीं मौसम विभाग ने अयोध्या के मौसम के लिए एक वेबपेज बनाया है। जिसमें अयोध्या और आसपास के क्षेत्र के मौसम की जानकारी मिलेगी। मौसम का अपडेट हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, चीनी, फ्रेंच और स्पेनिश में मिलेगा। जानकारी के मुताबिक 7 दिनों का वेदर बुलेटिन, सूर्योदय और सूर्यास्त का समय भी हिंदी-अंग्रेजी में मिल पाएंगा।












Click it and Unblock the Notifications