Lok Sabha Chunav:'सोचने के लिए कुछ वक्त दें', नेता प्रतिपक्ष के रूप में नाम की पेशकश पर राहुल गांधी
Lok Sabha Chunav: 2024 के लोकसभा चुनाव 2019 से कांग्रेस पार्टी के लिए अच्छे साबित हुए। इस बार कांग्रेस ने 47 सीटें अधिक यानी कि 99 सीटें झटकीं, जबकि 2019 में सिर्फ 52 पर ही सिमट गई थी। भले ही, कांग्रेस बहुमत का आंकड़ा 272 न ला सकी हो। लेकिन, कांग्रेस की नीत वाली इंडिया गठबंधन ने 234 सीटें हासिल कर अपनी ताकत का सबूत दे दिया।
राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका मजबूत करने के बाद कांग्रेस की शनिवार (8 जून) को नई दिल्ली के अशोका होटल में पार्टी की कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई। जिसमें सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी के नाम की पेशकश की। इस पर राहुल गांधी ने सोचने के लिए कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों से कुछ वक्त की मांग की।

राहुल को LOP बनाया जाए
सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की इच्छा थी कि राहुल गांधी को एलओपी बनाया जाए और वह आम आदमी की आवाज बनें और संसद में उनके मुद्दे उठाएं... हम इस पर काम कर रहे हैं कि हमें कुछ राज्यों में कम सीटें क्यों मिलीं। उनका 'कांग्रेस मुक्त' का दावा विफल हो गया है और देश अब फिर से 'कांग्रेस युक्त' हो गया है।
क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान कहा कि मैं जनता के प्रिय राहुल गांधी को भी बधाई देना चाहूंगा, जिन्होंने संविधान, आर्थिक असमानता, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय एवं सद्भाव जैसे मुद्दों को जनता का मुद्दा बनाया है। यह 4,000 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा और फिर दो साल पहले राहुल जी के नेतृत्व में 6,600 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का परिणाम है, जिसने हमें लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं, चिंताओं और आकांक्षाओं को समझने में मदद की। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी ने अपना चुनाव अभियान तैयार किया।
आगे कहा कि मैं विशेष रूप से प्रियंका जी को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने अमेठी और रायबरेली के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी जोरदार प्रचार किया। इस बैठक में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे , सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पार्टी के सभी शीर्ष नेता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications