VIDEO: कंटेनमेंट एरिया में सब्जी बेचने से रोकने पर महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ की हाथापाई
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अकेले 2000 से ज्यादा मरीज मुंबई में सामने आए हैं। वहीं, कुछ इलाकों में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का पालन ना करने के मामलों ने भी प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। इसी तरह का एक मामला मुंबई में कंटेनमेंट घोषित किए गए मानखुर्द में सामने आया है जहां सब्जी बेचने की जिद पर अड़ी महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
Recommended Video

महिला कंटेनमेंट घोषित में सब्जी बेच रही थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोका तो वह बहस करने लगी और अपनी जिद पर अड़ी रही। पुलिसकर्मियों ने धक्का-मुक्की के बाद सब्जी का ठेला पलट दिया जिसके बाद सब्जी बेचने वाली महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने महिला को हिरासत में लिया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी महिला को वहां से हटाने की कोशिश की।
पूरे मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ये घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। मुंबई में कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा जारी है। शुक्रवार को मुंबई में कोरोना वायरस के 77 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या 2120 हो गई है। मुंबई में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 121 तक जा पहुंची है।
वहीं, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 3323 हो गई है, जबकि इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 201 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण से उबरने वालों की संख्या अब 331 हो गई है। पूरे देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या अब 14 हजार से अधिक हो चुकी है जबकि इस वायरस के कारण 480 लोगों की मौत हुई है। वहीं, इस वायरस के संक्रमण से 1992 लोग ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications